पांच बार देश के सबसे स्वच्छ शहर घोषित हुए इंदौर के खाते में एक और उपलब्धि आई है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द 29 मार्च को दिल्ली के विज्ञान भवन में इंदौर को राष्ट्रीय जल पुरस्कार से सम्मानित करेंगे। तीसरे राष्ट्रीय जल पुरस्कार-2020 में पश्चिम जोन में इंदौर सर्वश्रेष्ठ जिला रहा। इसी साल जनवरी में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्रसिंह शेखावत ने इन पुरस्कारों की घोषणा की थी। पश्चिम जोन में गुजरात के वडोदरा और राजस्थान के बांसवाड़ा जिले का चयन संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान के लिए हुआ है। इंदौर की ओर से सांसद शंकर लालवानी यह पुरस्कार ग्रहण करेंगे।
यह पुरस्कार वर्ष 2020 में जल संरक्षण, जल स्रोतों के बचाव और वर्षा जल के संचय से भूजल स्तर बढ़ाने के उत्कृष्ट कार्यों के लिए दिया गया है। इसमें इंदौर जिले में कनाड़ और गंभीर नदियों के जलग्रहण क्षेत्र में चेक डैम, गांवों में खेत तालाब व पहाड़ियों पर कंटूर ट्रेंच के निर्माण, मनरेगा में किए गए पौधरोपण के अलावा नगर निगम क्षेत्र में नाला टेपिंग, सीवेज के ट्रीटमेंट के काम शामिल हैं।
कलेक्टर मनीष सिंह ने बताया कि सेंट्रल ग्राउंडवाटर टीम द्वारा जल संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों के लिए जिले का सर्वे किया गया था। इसमें कई मापदंडों पर इंदौर खरा उतरा। जल संरक्षण, वाटर रिसाइकलिंग, सीवरेज प्रणाली प्रबंधन आदि घटकों का टीम द्वारा अवलोकन किया गया था।