पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने शुक्रवार को बाबा साहेब आंबेडकर की 132वीं जयंती पर उन्हें नमन किया। साथ ही कहा कि बाबा साहेब ने देश को महान संविधान दिया है। हमारा संविधान हमारी संस्कृति का प्रतीक है। पहले संविधान को मजबूत करने की बातें हुआ करती थी। आज संविधान बचाओ अभियान चलाना पड़ रहा है। यह अच्छे संकेत नहीं है।
सीहोर जिले के आष्टा में पत्रकारों से बातचीत में कमलनाथ ने कहा कि बाबा साहेब ने कभी सपने में भी नहीं सोचा होगा की अपने देश और प्रदेश में इस प्रकार से सौदे से सरकारे बना करेंगी। इस वजह से उन्होंने इस प्रकार का कोई प्रावधान संविधान में नहीं रखा था। बाबा साहेब ने सोचा था कि हमारे देश के जो संवैधानिक मूल्य हैं, उनका कभी सौदा नहीं होगा। बाबा साहेब आंबेडकर द्वारा निर्मित महान संविधान अगर गलत हाथों में चला जाए तो क्या होगा? आज से कुछ साल पहले तक क्या हम सोच सकते थे कि हमें संविधान बचाओ अभियान अथवा रैलियां करनी पड़ेगी। पहले संविधान को मजबूत करने की बातें हुआ करती थी पर आज संविधान बचाओ अभियान चलाना पड़ रहा है। यह अच्छे संकेत नहीं है। एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि आज जनता बहुत समझदार हो जनता भलीभांति समझती है कि क्या भीम आर्मी प्रदेश में सरकार बना सकती है या आम आदमी पार्टी प्रदेश में सरकार बना सकती है? जनता को पता है कि कांग्रेस का साथ देकर ही वह अपना भविष्य सुरक्षित कर सकती है।
शिवराज बोलेंगे झूठ
कमलनाथ ने कहा कि पांच महीने बाद चुनाव है। शिवराज जी बाबा साहेब की जन्मभूमि महू में जाकर झूठ बोलेंगे। मैं अभी वहीं से आ रहा हूं। हर साल कोई न कोई झूठ, कोई न कोई झूठी घोषणाएं करते हैं। मैं इतनी एकड़ जमीन दे दूंगा। मैं धर्मशाला बना दूंगा, आदि इत्यादि। उन्हें कोई लिहाज नहीं है। कोई परहेज नहीं है कि इतनी पुण्यभूमि पर जाकर भी झूठ बोलते हैं। मुझे मध्यप्रदेश के समझदार मतदाताओं पर पूरा भरोसा है कि वह इन सब झूठे प्रचार का शिकार नहीं होंगे और मध्यप्रदेश का भविष्य सुरक्षित रखेंगे।
सरकार कांग्रेस की बनेगी
कमलनाथ ने यह भी कहा कि मैं सिर्फ इतना ही कहना चाहता हूं कि सरकार कांग्रेस की बनेगी। मैं यह नहीं कहूंगा कि इतने पार कर देंगे, उतने पार कर देंगे। यह तो शिवराज जी का स्टाइल है मेरा नहीं। शिवराज जी को सपने में भी कमलनाथ दिखाई देते हैं। उन्हें लगता है कि कमलनाथ को घेरने से फायदा होगा लेकिन मुझे जनता ने घेरा हुआ है। मैं जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध हूं।
भाजपा पर टिप्पणी नहीं करना चाहता
कमलनाथ बोले कि मैं भाजपा की राजनीति पर या उनके नेतृत्व पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता हूं। वह सूट सिलवाएं या पैजामा सिलवाएं, यह उनकी इच्छा है। अगर जनता का विश्वास भाजपा के साथ होता तो उन्हें पंचायत और नगरी निकाय चुनावों में पुलिस प्रशासन और पैसा का दुरुपयोग करने की आवश्यकता नहीं पड़ती। कर्नाटक चुनाव में हमारी स्थिति बहुत अच्छी है हम कर्नाटक में बहुमत से सरकार बनाने की ओर अग्रसर है।