पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान सुनील जाखड़ ने कांग्रेस हाईकमान पर भड़क गए हैं। उन्होंने कांग्रेस के असंतुष्ट ग्रुप G-23 को मनाने की सोनिया गांधी की कोशिश का विरोध किया है। उन्होंने शायराना अंदाज में लिखा - झुक कर सलाम करने में क्या हर्ज है मगर, सर इतना मत झुकाओ कि दस्तार गिर पड़े। जाखड़ ने G-23 के नेताओं से मीटिंग की अखबारों की हेडलाइन ट्वीट करते हुए लिखा कि असंतुष्ट लोगों को बहुत ज्यादा तवज्जो देने से न केवल रूतबा कमजोर होता है बल्कि उससे बगावत को और बढ़ावा मिलता है। इससे कैडर भी निराश होगा और उनमें असहमति को बढ़ाएगा।

सोनिया कर रहीं असंतुष्ट नेताओं से मीटिंग
पंजाब समेत 5 राज्यों में कांग्रेस की चुनावी हार हुई। इसके बाद कांग्रेस के असंतुष्ट नेताओं के ग्रुप G-23 ने मीटिंग कर गांधी परिवार की अगुवाई को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए। इसके बाद सोनिया गांधी ने इन नेताओं से मुलाकात शुरू की। जिसमें पंजाब से कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी भी शामिल हैं। सोनिया गांधी की यह पहल सुनील जाखड़ को रास नहीं आई।

पंजाब कांग्रेस में हड़कंप मचा रहे जाखड़
अभी तक सुनील जाखड़ पंजाब कांग्रेस में हड़कंप मचाते रहे हैं। उन्होंने चुनाव के दौरान लगातार कहा कि हिंदू होने की वजह से कांग्रेस ने उन्हें पंजाब का CM नहीं बनाया। उन्होंने चुनाव लड़ने से इन्कार कर दिया। यहां तक कि सक्रिय राजनीति से सन्यास भी ले लिया। इसके बाद भी अब वह कभी चरणजीत चन्नी तो कभी नवजोत सिद्धू पर निशाना साधते रहे हैं।