जिले के बाणे का बरखेड़ा ग्राम पंचायत में सरकारी सिस्टम की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। ग्राम पंचायत बड़ी बैरावास के पटवारी जगदीश जाट पर किसानों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। किसानों का कहना है कि पटवारी ने उनकी खातेदारी भूमि के सामने जेसीबी से गहरी खाई खुदवा दी, जिससे खेतों में आने-जाने का रास्ता बंद हो गया है।

किसानों का कहना है कि चारागाह भूमि में से होकर खेतों में जाने का उनका अस्थाई रास्ता था लेकिन पटवारी ने उस रास्ते के आगे गहरी खाई खुदवा दी, जिससे उनकी आवाजाही रुक गई। किसानों का आरोप है कि पटवारी हर काम के लिए नाजायज वसूली की मांग करता है। पहले भी पटवारी ने मासिक वसूली के लिए धमकी दी थी और जब उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो खाई खुदवा दी। अब किसान खेतों में जाने के लिए परेशान हो रहे हैं।

पटवारी की इस कार्रवाई से परेशान ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पटवारी जमाबंदी देने और नामांतरण जैसे कामों के लिए भी परेशान करता है।

इस मामले में पटवारी जगदीश जाट से संपर्क नहीं हो पाया। हालांकि नायब तहसीलदार सुरेंद्र आर्य ने कहा कि अगर खाई खुदाई अतिक्रमण हटाने के लिए की गई है, तो यह अलग बात है। लेकिन यदि ऐसा बिना किसी वैध कारण के किया गया है, तो मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद क्षेत्र के किसानों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि अगर पटवारी के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती है, तो वे आगे बड़े स्तर पर प्रदर्शन करेंगे।