स्कूल के बाहर हुई चाकूबाजी में घायल छात्र देवराज का फिलहाल उदयपुर के एमबी हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। इसी बीच छात्र देवराज के परिजनों को उससे मिलने के लिए रोक दिया गया। मिलने नहीं देने से नाराज परिजन मुखर्जी चौक पर पहुंच कर धरने पर बैठ गए। जब ये बात लोगों को पता चली तो कई संगठनों के कार्यकर्ता वहां पहुंचे और बड़ी संख्या में भीड़ जमा हो गई। आक्रोशित भीड़ ने बाजार बंद करवा दिए।
माहौल खराब होते देख पुलिस का जाब्ता भी मौके पर पहुंचा। खुद एसपी योगेश गोयल भी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे देवराज से मिलने की बात को लेकर अडे़ रहे। काफी प्रयास के बाद परिजनों को घायल देवराज से मिलने का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन फिर से हॉस्पिटल पहुंचे। इस दौरान एसपी उदयपुर एसपी योगेश गोयल ने बताया कि हालांकि घायल देवराज की हालत स्थिर बनी हुई है और उसका इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा कि अफवाहों पर ध्यान न दें।

आश्वासन के बाद अस्पताल में हंगामा
घायल छात्र से पमिलने देने के आश्वासन के बाद परिजन और अन्य लोगों एक बार फिर अस्पताल पहुंचे। एमबी अस्पताल में पहले से ही संगठन कार्यकर्ताओं की भीड़ थी। इमरजेंसी के बाहर ज्यादा भीड़ जमा हो जाने से इमरजेंसी को बंद कर दिया गया। इसके बाद लेागों में एक बार फिर आक्रेाश व्याप्त हो गया और वे नारेबाजी करने लगे। इस दौरान कलेक्टर अरविंद पेासवाल भी मौके पर पहुंच गए थे। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि परिजनों केा मिलने दिया जा रहा है। इस पर भीड़ शांत हुई। इसके बाद परिवाल के दो सदस्यों को आईसीयू में ले जाया गया।

अस्पताल अधीक्षक बोले बच्चे को दिया जा रहा है बेहतर उपचार
घायल देवराज के उपचार के लिए जयपुर के बाद कोटा से भी डॉक्टर की टीम उपचार के लिए आई है। पूरा मेडिकल बोर्ड उसके उपचार में लगा हुआ है और हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं कि उसकी हालत में जल्द से जल्द से सुधार हो। अस्पताल अधीक्षक डॉ. आरएल सुमन ने बताया कि डॉक्टर्स की टीम उपचार में लगी है। छात्र का बीपी बढ़ा हुआ है इसलिए बीपी का डोज बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि बेहतर उपचार के बावजूद घायल देवराज को हम सब की दुआओं की जरूरत है।
बाजारों में हालात हुए सामान्य
इधर, शनिवार का मकान ध्वस्त किए जाने के बाद लोगों में आक्रोश थमा है। उदयपुर शहर के बाजार अब सामान्य होने लगे हैं। उदयपुर शहर के सभी बाजार रविवार को खुले देखे गए। सोमवार को रक्षाबंधन होने की वजह से लोग खरीददारी के लिए लोग घरों से बाहर भी निकले। बाजारों में ज्यादा भीड़ तो नहीं, लेकिन दुकानों पर सामान्य ग्राहकी जरूर देखी गई।