सिरोही-पालनपुर फोरलेन पर बाहरीघाटा के समीप गुरुवार देर शाम हुए दो सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई। इन दुर्घटनाओं में दो ट्रोला और दो कारों सहित चार वाहन क्षतिग्रत हो गए। दुर्घटनाओं की सूचना मिलने पर सिरोही कोतवाली पुलिस थाने के पुलिसकर्मी और 108 एंबुलेंस की सहायता से घायलों को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार, सिरोही-पिंडवाड़ा फोरलेन पर गुरुवार देर शाम करीब छह बजे बाहरीघाटा तिराहे से करीब एक किलोमीटर आगे एक ट्रोला अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। यह दुर्घटना इतना भीषण थी कि इसमें ट्रोले का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में ड्राइवर की मौत हो गई और हेल्पर गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद यहां यातायात जाम हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलने पर सिरोही कोतवाली पुलिस थाने के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंची। 108 एंबुलेंस से घायल खलासी को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया जहां उसे तत्काल भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। उधर, क्रेन की सहायता से करीब एक घंटे की खासी मशक्कत के बाद वाहनों के जाम को खुलवाकर यातायात को सुचारू करवाया।
जाम के दौरान कोयले से भरे ट्रेलर ने दो कारों को मारी टक्कर
उधर, सिरोही बाहरीघाटा में हुए एक्सीडेंट के बाद मौके पर पहुंची क्रेन की मदद से जब केबिन को ऊपर उठाकर घायलों को निकाला जा रहा था। उस दौरान मार्ग पर कुछ वाहनों की लंबी कतार सी लग गई। इसी दौरान बाहरी घाटा तिराहे की तरफ से आ रहा कोयले से भरा ट्रोला अनियंत्रित हो गया तथा दो कारों को टक्कर मारने के बाद सड़क किनारे पलट गया। इस हादसे में दो कार क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। हादसे के बाद ट्रोला ड्राइवर वहां से भाग खड़ा हुआ।