कन्नौज। राजस्थान के भरतपुर ट्रेनिंग कैंप में अचानक आग लगने से रसोई गैस सिलेंडर फटने से अग्निवीर जवान गंभीर रूप से झुलस गया। साथियों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान जवान ने दम तोड़ दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के उमर्दा चौकी के गांव भरखरा निवासी किसान राकेश पाल के 30 वर्षीय पुत्र सौरभ पाल वर्ष 2023 में अग्निवीर में भर्ती हुए थे। वह राजस्थान के भरतपुर ट्रेनिंग कैंप में ट्रेनिंग कर रहे थे। 

शुक्रवार शाम करीब सात बजे ट्रेनिंग कैंप में खाना बन रहा था। इस दौरान रसोई में आग लग गई। इससे रसोई में रखा गैस सिलेंडर फट गया। इसकी चपेट में आए सौरभ पाल गंभीर रूप से झुलस गए। साथियों ने लगी आग पर काबू पाया और जवान को अस्पताल में भर्ती कराया। 

रात करीब 10 बजे उपचार के दौरान जवान ने दम तोड़ दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख पुकार मच गया। छोटा भाई उत्कर्ष उर्फ गोलू परिजनों के साथ भरतपुर रवाना हुए हैं। 

उत्कर्ष ने बताया कि वह दो भाई और दो बहन है। मां का निधन करीब आठ साल पूर्व हो गया है। हादसे की जानकारी के बाद परिवार बेसुध है। वहीं इंदरगढ़ थाना प्रभारी पारूल चौधरी ने बताया कि अग्निवीर जवान के मृत्यु होने की जानकारी मिली है। संपर्क करने पर बताया गया कि परिवार के लोग शव लेने के लिए रवाना हो गए हैं।