लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार को घेरते हुए कहा है कि प्रदेश में भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी और कालाबाजारी चरम पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में कोई भी काम बिना कमीशन दिए संभव नहीं है। यहां तक कि भाजपा के विधायक भी स्वीकार कर चुके हैं कि उन्हें विधायक निधि से 10 प्रतिशत तक का कमीशन मिलता है।

अखिलेश यादव ने गुरुवार को जारी बयान में कहा कि जल जीवन मिशन से लेकर सड़कों के निर्माण तक, हर परियोजना में भ्रष्टाचार खुलकर सामने आ रहा है। उन्होंने दावा किया कि मिशन के तहत बनी कई पानी की टंकियां भ्रष्टाचार का भार सहन नहीं कर पाईं और ढह गईं। वहीं, कमीशनखोरी के कारण नई बनी सड़कें भी जल्द ही उखड़ने लगीं। हजारों करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद गड्ढे जस के तस बने हुए हैं और गड्ढा-मुक्त अभियान कागज़ों तक ही सीमित रह गया है।

सपा अध्यक्ष ने यह भी कहा कि भाजपा शासन में कालाबाजारी और मुनाफाखोरी की भी पराकाष्ठा हो गई है। किसानों को योजनाबद्ध तरीके से नुकसान पहुंचाया जा रहा है ताकि वे खेती छोड़ने को मजबूर हो जाएं और मजदूरी करने लगें। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की जमीन और खेती पर कब्ज़ा करना चाहती है।

अखिलेश ने कहा कि नौजवान, बेरोजगार और किसान अब भाजपा की साजिशों को समझ चुके हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि वर्ष 2027 में प्रदेश की जनता भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाकर भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी का अंत करेगी।