गाजीपुर जिले के शादियाबाद थाना अंतर्गत मरदानपुर गांव में एक युवक ने बुधवार शाम अपनी पहली पत्नी की फावड़े से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के दौरान बीच-बचाव करने आई उसकी जेठानी भी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, मरदानपुर निवासी जयप्रकाश राम की वर्ष 2009 में वंदना (28) से शादी हुई थी। कुछ समय बाद वंदना का प्रेम संबंध गांव के ही शैलेंद्र राम से हो गया और 2014 में वह पति और बेटे को छोड़कर शैलेंद्र के साथ चली गई। दोनों ने शादी कर ली और दिल्ली में रहने लगे।
इसके बाद जयप्रकाश ने भी दूसरी शादी कर ली और अपने बेटे को साथ रखा। हालांकि दूसरी पत्नी भी कुछ समय बाद उसे छोड़कर चली गई। बाद में उसने तीसरी शादी की, लेकिन करीब तीन माह पहले तीसरी पत्नी की मृत्यु हो गई। लगभग एक माह पूर्व वंदना अपने मायके मरदानपुर वापस लौट आई थी।
बुधवार शाम वंदना अपनी जेठानी कौशल्या (45) के साथ खेत में चारा काटने गई थी। इसी दौरान जयप्रकाश वहां पहुंचा और दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। विवाद बढ़ने पर उसने वंदना पर फावड़े से हमला कर दिया। वंदना भागने की कोशिश में पास के धान के खेत की ओर गई, लेकिन आरोपी ने उसका पीछा कर सिर पर कई वार किए, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। बीचबचाव करने आई जेठानी कौशल्या पर भी आरोपी ने हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। सूचना मिलने पर सीओ भुड़कुड़ा सुधाकर पांडेय मौके पर पहुंचे और घायल महिला को अस्पताल भेजा। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
चार बच्चों का भविष्य अधर में
इस घटना के बाद चार मासूम बच्चों का भविष्य संकट में पड़ गया है। जयप्रकाश और वंदना से एक बेटा था, जो अपने पिता के साथ रहता है, जबकि शैलेंद्र से वंदना को तीन संतानें – शिवानी (7), आर्यन (6) और कल्लू (1) – हुई थीं। वंदना बच्चों को लेकर अपने पैतृक गांव आई थी। ग्रामीणों का कहना है कि जयप्रकाश अपनी पत्नियों के साथ अक्सर मारपीट करता था, जिससे उसका वैवाहिक जीवन अस्थिर रहा।