राजधानी लखनऊ में सचिवालय प्रशासन ने समाज कल्याण राज्यमंत्री असीम अरुण के निजी सचिव जयकिशन सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उनके खिलाफ भागीदारी भवन में तैनात एक आउटसोर्स महिला कर्मचारी ने उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए थे। इसके बाद उन्हें सचिवालय प्रशासन के केंद्रीय अनुभाग से संबद्ध कर दिया गया है।
संयुक्त सचिव अशोक कुमार मिश्र द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि जयकिशन सिंह का निलंबन महिला उत्पीड़न से संबंधित मामले और उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक नियमावली के अंतर्गत किया गया है।
इस संबंध में मंत्री असीम अरुण ने स्वयं सख्त रुख अपनाते हुए गुरुवार को आरोपी निजी सचिव के खिलाफ कार्रवाई की पहल की थी। महिला कर्मचारी की शिकायत के बाद मंत्री ने पुलिस को बुलाकर जयकिशन सिंह को हिरासत में सौंपा। फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।