यूपी के मिर्जापुर जिले के लालगंज थानाक्षेत्र में किशोरी के साथ दुष्कर्म की घटना को लेकर विपक्षी पार्टियां भाजपा पर हमलावर हैं। शुक्रवार को समाजवादी पार्टी ने प्रदर्शन करने के साथ ही जिलाधिकारी दिव्या मित्तल व एसपी संतोष कुमार मिश्रा को ज्ञापन दिया। कांग्रेस नेता अजय राय के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं नेताओं ने मंडलीय अस्पताल में दुष्कर्म पीड़िता की मां से मुलाकात की।
कांग्रेस नेता ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं होने पर प्रदर्शन किया जाएगा। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रांतीय अध्यक्ष अजय राय ने शुक्रवार को मिर्जापुर पहुंचकर दुष्कर्म पीड़िता के स्वास्थ्य की जानकारी ली। पीड़िता से न मिल पाने के बाद उसकी मां से मिले और मामले की पूरी जानकारी ली।
मणिपुर से मिर्जापुर तक दुष्कर्म करने वालों को बचा रही सरकार
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार मणिपुर से मिर्जापुर तक दुष्कर्म करने वालों को बचा रही है। उन्होंने केस को दबाने का आरोप लगाया। उन्होंने मांग की कि प्रदेश के मुख्यमंत्री आरोपी भाजपा कार्यकर्ता के घर अथवा होटल पर बुलडोजर चलवाएं
लालगंज थाना क्षेत्र में दुष्कर्म के बाद छह माह की गर्भवती हाईस्कूल की छात्रा का गर्भपात होने के मामले में विभिन्न राजनैतिक दल के लोग मुखर हो गए है। भाजपा भी आरोपी प्रधान को निलंबित कर दिया है। पुलिस अबतक आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। बीते सोमवार को किशोरी के पेट में दर्द होने पर उसे उपचार के लिए उसकी मां सीएचसी ले गई तो पता चला कि वह गर्भवती है। पूछने पर उसने बताया कि दुष्कर्म के बाद गर्भवती होने पर उसे दवा खिलाई गई थी। दवा के चलते सीएचसी में गर्भपात हो गया। किशोरी को छह माह का गर्भ था।
किशोरी की मां की तहरीर पर पुलिस ने क्षेत्र निवासी आकाश केसरी और विजय गुप्ता पर मुकदमा दर्ज किया। विजय भाजपा पिछड़ा मोर्चा का ब्लॉक अध्यक्ष और ग्राम प्रधान है। आकाश उसका कर्मचारी है। किशोरी का मेडिकल कराने के बाद भ्रूण का वीडियोग्राफी कराकर पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने आकाश केसरी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। भाजपा ने आरोपी को पार्टी से निलंबित कर दिया। कांग्रेस और सपा ने आरोपी की गिरफ्तारी न होने को लेकर विरोध जताया। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।