मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर राउंड टेबल 346 की ओर से एक भव्य कॉमेडी शो का आयोजन किया गया, जिसमें देश के चर्चित स्टैंड-अप कॉमेडियन अनुभव सिंह बस्सी ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा। हंसी से भरपूर इस कार्यक्रम ने पूरे माहौल को खुशनुमा बना दिया।

स्थानीय प्लाजा होटल में आयोजित इस शो का उद्देश्य सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि एक सामाजिक पहल भी था। कार्यक्रम के जरिए जुटाई गई राशि से स्कूलों में बच्चों के लिए नए क्लासरूम बनाने की योजना है। बस्सी ने अपने खास अंदाज में रोजमर्रा की जिंदगी, परिवार और रिश्तों से जुड़े मजेदार किस्से सुनाकर दर्शकों को खूब गुदगुदाया। उनके जोक्स खासतौर पर युवाओं को काफी पसंद आए।

प्रस्तुति के दौरान उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में आयोजन टीम पर भी चुटकी ली और उनकी ड्रेस की तारीफ करते हुए माहौल को और भी रोचक बना दिया। शो को देखने के लिए आसपास के कई शहरों जैसे शामली, मेरठ, देहरादून, बिजनौर, सहारनपुर, हरिद्वार और नोएडा से लोग पहुंचे थे। आयोजन में 16 साल से कम उम्र के बच्चों के प्रवेश पर रोक रखी गई थी।

कार्यक्रम में राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय वर्मा और चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप समेत कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। मेरठ निवासी अनुभव सिंह बस्सी का यह मुजफ्फरनगर में पहला शो था, जिसे दर्शकों ने भरपूर सराहा।

इस आयोजन को सफल बनाने में मुजफ्फरनगर राउंड टेबल 346 की टीम के कई सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिनकी मेहनत से यह कार्यक्रम यादगार बन सका।