मुजफ्फरनगर में गर्मी का असर लगातार तेज होता जा रहा है। रविवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, लेकिन तेज धूप, गर्म हवाओं और बढ़ती उमस के चलते लोगों को यह तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से अधिक जैसा महसूस हुआ। लू के थपेड़ों ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया है और दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिल रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार, हवा की गति करीब 14 किलोमीटर प्रति घंटा रही, लेकिन यह हवा राहत देने के बजाय गर्मी के असर को और बढ़ा रही है। हालात ऐसे हैं कि लोग बेहद जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।


गर्मी और लू से बचाव के लिए लोग अब पूरी सावधानी बरतते नजर आ रहे हैं। राहगीर और वाहन चालक सिर, चेहरा और शरीर को ढककर धूप से बचने की कोशिश कर रहे हैं। मास्क, टोपी, गमछा, दुपट्टा और चश्मे का इस्तेमाल बढ़ गया है।

इधर, गर्मी बढ़ने के साथ ही बाजारों में ठंडे पेय पदार्थों की मांग भी तेजी से बढ़ी है। ठंडा पानी, नींबू पानी, शिकंजी, लस्सी, कोल्ड ड्रिंक, गन्ने का रस, बेल का जूस और जलजीरा जैसे पेय पदार्थों की दुकानों पर भीड़ देखी जा रही है। आइसक्रीम और कुल्फी की बिक्री में भी बढ़ोतरी हुई है।

हालांकि, कूलर, पंखे और एसी भी इस भीषण गर्मी में पूरी राहत नहीं दे पा रहे हैं। चिकित्सकों ने लोगों को अधिक पानी पीने, धूप से बचने और शरीर को हाइड्रेट रखने की सलाह दी है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, आने वाले दिनों में भी गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम ही है।