मुजफ्फरनगर के मीरापुर क्षेत्र में भगवान बाला जी का जन्मोत्सव पूरे उत्साह और भक्ति के साथ मनाया गया। मुकल्लमपुरा रोड स्थित बाला जी धाम में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरे दिन मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान बाला जी के विशेष श्रृंगार से हुई, जिसके बाद उन्हें 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया। इसमें मिठाइयों, फलों और ड्राईफ्रूट समेत विभिन्न पकवान शामिल थे। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और भजनों के साथ भगवान का गुणगान किया।

भक्ति में डूबे श्रद्धालुओं ने बाला जी के भजनों पर नृत्य कर उत्सव को और भी उल्लासपूर्ण बना दिया। पूरे मंदिर परिसर में जयकारों और भजनों की गूंज सुनाई देती रही। आयोजन के दौरान समिति की ओर से रूहअफजा, खीर, फल और अन्य प्रसाद वितरित किया गया।

मंदिर के पुजारी राजपाल सुकरालिया सहित कई श्रद्धालु और समिति के सदस्य इस अवसर पर मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय लोगों का भी विशेष योगदान रहा।

बाला जी शोभायात्रा समिति के सदस्य शशिकांत रस्तौगी ने जानकारी दी कि शुक्रवार को भगवान बाला जी की भव्य शोभायात्रा भी निकाली जाएगी, जिसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।