मुजफ्फरनगर में अशोक स्तंभ को लेकर एक बार फिर हलचल मच गई है। 'सम्राट अशोक स्तंभ पुनः निर्माण संघर्ष समिति' ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा है, जिसमें सुजडू चौराहे पर राष्ट्रीय प्रतीक अशोक स्तंभ को दोबारा स्थापित करने की मांग की गई है।

समिति का आरोप
समिति ने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र के सुजडू चौराहे पर पहले राष्ट्रीय प्रतीक अशोक स्तंभ स्थापित था, जिसे हाल ही में हटाया गया। समिति का आरोप है कि यह कार्रवाई असंवैधानिक तरीके से की गई, जिससे स्थानीय लोगों की भावनाएं आहत हुईं।

समिति के पदाधिकारियों का कहना है कि नगर पालिका अध्यक्ष ने पहले सौंदर्यीकरण के नाम पर स्तंभ हटाने की बात कही थी और जल्द ही इसे वापस लगाने का आश्वासन भी दिया था। लेकिन कई महीनों बीत जाने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

जन आंदोलन की चेतावनी
ज्ञापन में समिति ने चेतावनी दी है कि यदि अशोक स्तंभ की पुनः स्थापना जल्द नहीं की गई, तो यह मामला जन आंदोलन का रूप ले सकता है। समिति ने यह भी कहा कि स्तंभ को सम्मानपूर्वक उसी स्थान पर स्थापित किया जाए और इस पूरी कार्रवाई में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित कदम उठाए जाएं।