उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के छपार थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुरुवार रात एक फरार चल रहे बलात्कार के आरोपी पिता को गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया। मौके से एक अवैध पिस्टल और कुछ कारतूस भी पुलिस ने जब्त किए। जानकारी के अनुसार, आरोपी अपने ही दो नाबालिग बेटियों के साथ बलात्कार के मामले में फरार था।

महिला ने दी थी लिखित शिकायत
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गुरुवार को छपार थाने में एक महिला ने लिखित शिकायत दी थी। उसने आरोप लगाया कि उसका सौतेला पति सोनू ने उसकी दोनों नाबालिग बेटियों के साथ यौन शोषण किया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया और उसकी तलाश शुरू कर दी।

मुठभेड़ में घायल हुआ आरोपी
रात के दौरान दतियान मार्ग पर संदिग्ध वाहन जांच के दौरान पुलिस को आरोपी सोनू मिला। जब पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, तो आरोपी ने फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। मौके से एक अवैध पिस्टल और कुछ जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए। घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस लगातार कर रही थी तलाश
सीओ सदर रविशंकर मिश्रा ने बताया कि 1 अप्रैल की रात पुलिस को सूचना मिली थी कि महिला की नाबालिग बेटियों के साथ उसके पिता ने अपराध किया है। इसके बाद पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और पीड़ित बच्चों का मेडिकल परीक्षण करवाया। आरोपी पर पहले भी इसी तरह के मामले में जेल जा चुका है।

अवैध हथियार और कारतूस बरामद
गिरफ्तार आरोपी के पास से 315 बोर की पिस्टल और जिंदा कारतूस जब्त किए गए हैं। पुलिस अब इस मामले में वैधानिक कार्रवाई कर रही है।