शाहपुर। गांव सोरम में पूर्व सर्व खाप मंत्री चौधरी कबूल सिंह की 35वीं पुण्यतिथि पर विशेष यज्ञ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने उन्हें एक महान चिंतक और समाजसेवी बताते हुए कहा कि उनके आदर्शों को अपनाकर समाज और देश के हित में कार्य करना चाहिए।

कार्यक्रम में विभिन्न खापों के चौधरियों, थांबेदारों और ग्रामीणों ने सर्व खाप मंत्री की मूर्ति पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। देशवाल खाप के चौधरी शरणवीर सिंह ने कहा कि चौधरी कबूल सिंह ने अपने जीवन में समाज कल्याण के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए।

सुभाष बालियान ने बताया कि स्व. चौधरी कबूल सिंह और भाकियू संस्थापक चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत ने समय-समय पर किसानों और समाज की आवाज को मजबूती से उठाया। यह स्मारक स्थल उनकी और चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की यादों को संजोए हुए है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

भाकियू नेता चौधरी गौरव टिकैत ने भी उन्हें महान विचारक और चिंतक बताया। यज्ञ के ब्रह्मा मा0 सुरेंद्र सिंह, जयपाल सिंह और यजमान सुभाष बालियान रहे। कार्यक्रम का संचालन मास्टर रामपाल सिंह ने किया। इस अवसर पर डॉ. लोकेंद्र बालियान, जाट महासभा के ब्लॉक अध्यक्ष श्रद्धा पाल, चौधरी देशपाल सिंह, डॉ. अमित बालियान, सूबेदार सुरेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।