मुजफ्फरनगर। शहर को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से पालिका ने 125 इलेक्ट्रिक ई-रिक्शा और सीएनजी टिपर गारबेज वाहनों को सड़कों पर उतार दिया। चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने बताया कि इन वाहनों की खरीद पर लगभग 5.30 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।

शनिवार को मेरठ रोड स्थित कंपनी गार्डन में चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने सभासदों, ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह और विभागीय अधिकारियों के साथ फीता काटकर इन वाहनों का शुभारंभ किया। यह कदम “क्लीन सिटी, ग्रीन सिटी” संकल्प को साकार करने और हरित ऊर्जा आधारित स्वच्छता मॉडल अपनाकर शहर को प्रदूषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है। ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह ने बताया कि इन 125 वाहनों की खरीद 15वें वित्त आयोग की ग्रांट से की गई है।

इसमें 55 इलेक्ट्रिक ई-रिक्शा करीब 1.80 करोड़ रुपये की लागत से खरीदे गए हैं, जबकि 70 सीएनजी टिपर गारबेज वाहनों पर 3.50 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इस अवसर पर सभासद मनोज वर्मा, नवनीत गुप्ता, प्रशांत गौतम, मोहित मलिक, योगेश मित्तल, शौकत अंसारी, मोहम्मद खालिद, अब्दुल सत्तार, देवेश कौशिक, विजय कुमार और चिंटू भी मौजूद रहे।