मुजफ्फरनगर। जिला सहकारी बैंक लिमिटेड ने अपने वित्तीय प्रदर्शन में नया रिकॉर्ड कायम किया है। बैंक ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में 31.13 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया, जो पिछले तीन वर्षों में दोगुना से भी अधिक है। यह जानकारी बैंक के सभापति ठाकुर रामनाथ सिंह ने शनिवार को बैंक सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में साझा की।
ठाकुर रामनाथ सिंह ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2022-23 में बैंक का शुद्ध लाभ केवल 10.06 करोड़ रुपये था, जो अब 31.13 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। इस प्रदर्शन के साथ बैंक ने प्रदेश में शीर्ष स्थान हासिल किया है।
बैंक की निजी पूंजी 375.17 करोड़ रुपये से बढ़कर 480 करोड़ रुपये हो गई है। वहीं, जमा राशि में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जो 1884.80 करोड़ रुपये से बढ़कर 2524.50 करोड़ रुपये पर पहुंच गई है। कार्यशील पूंजी में लगभग 30 प्रतिशत की वृद्धि हुई है और यह अब 3826.53 करोड़ रुपये हो गई है।
किसानों को वितरित फसली ऋण में भी महत्वपूर्ण बढ़ोतरी हुई है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में बैंक ने 1114.07 करोड़ रुपये का ऋण किसानों को वितरित किया, जबकि पिछले वर्ष यह आंकड़ा 751.55 करोड़ रुपये था, यानी 48 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि।
इसके अलावा, बैंक ने डिजिटल लेनदेन में भी पूरे प्रदेश में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। बैंक ने इस उपलब्धि के लिए अपने ग्राहकों और किसानों का धन्यवाद किया। प्रेसवार्ता में उपसभापति मुकेश कुमार जैन, अमित चौधरी, दिनेश गोयल, पंकज पाल, राजू अहलावत और आशीष चौधरी समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।