मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय स्तर की पैरा टेबल टेनिस प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर जनपद का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ी नवनीत कड़ियान को शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर में सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने उन्हें बुके और ट्रैकसूट भेंट कर उनकी उपलब्धि की सराहना की।
प्रशासन ने दी शुभकामनाएं
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने नवनीत कड़ियान की सफलता को जिले ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि दिव्यांग खिलाड़ी कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने कौशल और मेहनत से नई मिसाल कायम कर रहे हैं।

खिलाड़ियों को मिलेगा प्रशासन का सहयोग
डीएम ने आश्वासन दिया कि भविष्य में होने वाली राष्ट्रीय एवं महत्वपूर्ण प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए नवनीत को आर्थिक सहायता और आवश्यक खेल उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रतिभा संसाधनों की कमी के कारण पीछे नहीं रहनी चाहिए, इसके लिए प्रशासन हर संभव सहयोग देगा।
खेल विभाग ने की सराहना
कार्यक्रम में प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी भूपेंद्र सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने नवनीत की उपलब्धि को जिले के खेल इतिहास के लिए गौरवपूर्ण बताया और कहा कि उनकी सफलता अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी।
इस दौरान खेल विभाग के अधिकारियों और खेल जगत से जुड़े लोगों ने नवनीत को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक जीतने की कामना की।