लखनऊ। नेपाल में जारी असामान्य और संवेदनशील परिस्थितियों को देखते हुए यूपी सरकार ने सीमा से जुड़े जिलों में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिया है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में 24 घंटे निगरानी और सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए जाएँ।
उत्तर प्रदेश के डीजीपी राजीव कृष्ण ने बताया कि इन जिलों में अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी तैनात किए गए हैं। वरिष्ठ अधिकारियों को अपने नेतृत्व में गश्त कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति का तुरंत सामना किया जा सके। साथ ही नेपाल में फंसे भारतीय नागरिकों की सहायता के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।
मुख्यमंत्री अमिताभ यश के नेतृत्व में एक विशेष नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। कानून-व्यवस्था शाखा में बनाए गए कंट्रोल रूम के माध्यम से तीन हेल्पलाइन नंबर और एक व्हाट्सएप नंबर 24 घंटे कार्यरत रहेंगे।
भारतीय नागरिक सीधे इन नंबरों पर मदद ले सकते हैं:
- 0522-2390257
- 0522-2724010
- 9454401674 (फोन और व्हाट्सएप)
इसके अलावा, पुलिस मुख्यालय की सोशल मीडिया सेल को नेपाल से जुड़ी किसी भी संवेदनशील जानकारी या पोस्ट की सतत निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। भ्रामक जानकारी पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
डीजीपी राजीव कृष्ण ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही नेपाल में फंसे भारतीय नागरिकों को हरसंभव सहायता देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।