प्रयागराज: बेकाबू कार ने फुटपाथ पर सो रहे चार लोगों को कुचला, दो महिलाओं की मौत

प्रयागराज के सिविल लाइंस इलाके में शुक्रवार देर रात एक तेज रफ्तार वैगन-आर कार फुटपाथ पर चढ़ गई और वहां सो रहे चार लोगों को कुचल डाला। हादसे में एक बुजुर्ग महिला की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। टक्कर के बाद कार सवार चार युवक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह हादसा रात करीब 11:30 बजे हुआ जब एक तेज गति से आ रही कार अंबेडकर चौराहे से न्याय मार्ग की ओर मुड़ी और चालक नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित कार फुटपाथ पर चढ़ गई और वहां सो रहे लोगों को रौंदते हुए दीवार से जा टकराई। एक महिला कार के नीचे फंस गई और दूर तक घिसटती चली गई। स्थानीय लोगों ने उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी जान जा चुकी थी।

मजदूरी कर जीवन यापन कर रहे थे सभी पीड़ित

घायलों में बॉबी (27), श्रीदेवी (65), गुलाब कली (65) और एक अज्ञात महिला शामिल थीं। ये सभी दिहाड़ी मजदूरी कर जीवन यापन करते थे और प्रतिदिन की तरह उसी स्थान पर सो रहे थे। बॉबी ने बताया कि श्रीदेवी को सिर और पैर में गंभीर चोटें आईं, जबकि गुलाब कली के हाथ में फ्रैक्चर हुआ। शनिवार तड़के गुलाब कली ने भी दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद लोगों का गुस्सा फूटा

घटना के बाद मौके पर भीड़ एकत्र हो गई और गुस्साए लोगों ने क्षतिग्रस्त कार पर पथराव कर तोड़फोड़ की। एंबुलेंस देरी से पहुंची, जिससे आक्रोश और बढ़ गया। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए घायलों को अस्पताल भिजवाया और वाहन को जब्त कर लिया। थाना प्रभारी रामाश्रय यादव ने बताया कि कार सवार युवकों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

गुमनाम मौत, न्याय की आस

फुटपाथ पर सो रही जिन महिलाओं की जान गई, उनके पास कोई पहचान पत्र नहीं मिला। उनके परिजनों का भी पता नहीं चल सका है। हादसे के बाद लोगों में यही सवाल गूंजता रहा — क्या फुटपाथ पर सोना गुनाह था? क्या इन बेसहारा लोगों को न्याय मिलेगा?

यह हादसा केवल एक दुर्घटना नहीं, बल्कि हमारे समाज की उस कड़वी सच्चाई को उजागर करता है, जहां वृद्धों की सुरक्षा और गरिमा दरकिनार होती जा रही है। अनजान वृद्धा की मौत इस संवेदनहीनता की मूक गवाही बन गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here