विधान परिषद में विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश की दिशा पर चर्चा करते हुए उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने एक जिला-एक उत्पाद (ODOP) योजना की उपलब्धियों का उदाहरण दिया। उन्होंने बताया कि पहले रामपुर को रामपुरी चाकू के लिए जाना जाता था, लेकिन ODOP योजना के कारण आज रामपुर का वायलिन दुनियाभर में प्रसिद्ध हो गया है।
सपा पर तंज कसते हुए ब्रजेश पाठक ने कहा कि सरकार ने ODOP लागू किया और वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया नीति शुरू की। उन्होंने बताया कि 2017 से पहले इसी विधानसभा क्षेत्र में असलहों से लैस माफिया सड़क किनारे गाड़ियों में बैठे रहते थे, लेकिन आज ऐसा कोई माफिया नहीं है।
स्वास्थ्य सेवा पर भी उन्होंने जोर देते हुए कहा कि एमबीबीएस की सीटें तीन गुना और एमडी-एमएस की सीटें दोगुनी कर दी गई हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में 20 बेड के अस्पताल, 200 दवाएं और कई जांचें हमेशा उपलब्ध हैं। उप मुख्यमंत्री ने लोगों को बीमार न पड़ने और कम से कम 50 मिनट टहलने की सलाह दी।
आहार संबंधी सुझाव देते हुए उन्होंने कहा कि आलू पराठे और पूड़ी से परहेज करें, होटल और रेस्तरां के बाहर का भोजन कम लें और मोटे अनाज तथा सत्तू का सेवन बढ़ाएं।
ब्रजेश पाठक ने आगे कहा कि अमेरिका और ब्रिटेन की सफलता के पीछे भारतीय प्रतिभा है और विकसित भारत व विकसित उत्तर प्रदेश के लिए यह मेधा देश में ही बनी रहे, यही सरकार का लक्ष्य है।