रामनगरी अयोध्या इस साल भी दीपोत्सव को भव्य रूप से मनाने और विश्व रिकॉर्ड बनाने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राम की पैड़ी पर नौवें आयोजन के दौरान 26.11 लाख दीप जलाने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए 28 लाख दीयों की व्यवस्था की जाएगी। इस महायज्ञ में करीब 32 हजार वॉलंटियर्स दीप सजाने और प्रज्ज्वलित करने का कार्य करेंगे। 19 अक्तूबर की शाम को आयोजित होने वाले इस आयोजन में लेजर लाइट शो और ग्रीन आतिशबाजी से कार्यक्रम और आकर्षक बनेगा।

एडीएम सिटी योगेंद्र पांडेय को मुख्य नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि विभिन्न विभागों से 20 नोडल अधिकारी कार्यक्रम की हर बारीकी पर नजर रखेंगे। दीपोत्सव में स्वच्छता, सुरक्षा और व्यवस्था को प्राथमिकता दी जा रही है। राम की पैड़ी को सजाने के लिए विशेष डिजाइन तैयार किए गए हैं, जो भगवान राम की लीलाओं को दर्शाएंगे।

सामूहिक सरयू आरती और झांकियों का आकर्षण
दीप जलाने के लिए सरसों तेल और पर्यावरण अनुकूल सामग्री का उपयोग होगा। सूचना विभाग के माध्यम से साकेत महाविद्यालय से 11 झांकियां निकाली जाएंगी, जिनमें आधुनिक तकनीक का प्रयोग किया जाएगा। दीपोत्सव में रामलीलाओं का मंचन होगा और सामूहिक सरयू आरती का विश्व रिकॉर्ड बनाने की योजना भी शामिल है।

पिछले वर्षों में जलाए गए दीप

  • 2017 – 1.71 लाख
  • 2018 – 3.01 लाख
  • 2019 – 4.04 लाख
  • 2020 – 6.06 लाख
  • 2021 – 9.41 लाख
  • 2022 – 15.76 लाख
  • 2023 – 22.23 लाख
  • 2024 – 25 लाख

सुरक्षा और स्वच्छता की तैयारियां
जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने बताया कि दीपोत्सव का पूरा खाका तैयार किया जा रहा है। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन निगरानी, पर्याप्त पुलिस बल और मेडिकल टीम तैनात की जाएगी। इसके अलावा स्वच्छता के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा, ताकि राम की पैड़ी और आसपास का क्षेत्र साफ-सुथरा और सुंदर बना रहे।