डीजे सारजन और रावण कांवड़ आज मेरठ पहुंच चुकी हैं। इसके अलावा कई अन्य डीजे कांवड़ भी आज मेरठ में डेरा डाले हुए हैं। इन सभी के बीच चल रही साउंड प्रतियोगिता ने लोगों की नींद उड़ा दी हैं। आज दोपहर को डीजे सार्जन शिवाया टोल प्लाजा से निकला तो पुलिस के हाथ पांव फूल गए। पुलिस ने सभी डीजे कांवड़ संचालकों को नियमों को ध्यान रखने की चेतावनी दी है।
डीजे कांवड़ की साउंड प्रतियोगिता के चलते मेरठ दिल्ली हाईवे पर जाम लगा हुआ है। वहीं इन डीजे को देखने के लिए शहर भर से लोग एकत्र हो गए हैं। ऐसे में ट्रैफिक व्यवस्था बनाने में पुलिस के पसीने छूट रहे हैं।
डीजे रावण कांवड़ नोएडा की है। यह मेरठ में रोहटा रोड के युवाओं द्वारा संचालित की जा रही है। डीजे सारजन झारखंड की कांवड़ है। इसे देवपुरी के युवक लेकर आ रहे हैं।
डीजे अमर कांवड़ भी मेरठ में सांउड प्रतियोगिता में शामिल हुई, इस दाैरान युवाओं की टोलियां डांस करती और जय भीम के नारे लगाती हुई आगे बढ़ीं। इनके अलावा डीजे कसाना, डीजे चौधरी ग्रुप भी आगे बढ़ रहे हैं।
मेरठ में टोल प्लाजा पर डीजे प्रतिस्पर्धा 12 साल से हर वर्ष होती आ रही है। तमाम पाबंदियों के बाद भी हर वर्ष यहां डीजे प्रतिस्पर्धा होती है। एक डीजे पर 150 से 400 युवकों की टोली डांस करती है। ऐसे में अत्यधिक साउंड के चलते युवा जोश से भर जाते हैं। अक्सर शाम को शुरू हुई ये प्रतिस्पर्धा कई घंटों तक चलती हैं।
बाईपास पर कांवड़ सेवा शिविरों में लगे डीजे के साथ भी प्रतिस्पर्धा की जाती है। जिस डीजे की साउंड अधिक होती है तो दूसरा डीजे वाला अपना साउंड बंद कर हार स्वीकार करता है और टीम आगे बढ़ जाती है।
मेरठ दिल्ली हाईवे पर कंकरखेड़ा के नजदीक डीजे सारजन पहुंचा तो हाईवे पर जाम लग गया। सारजन डीजे को देखने के लिए दूर दराज के गांव से लोग हाईवे पर पहुंच गए। सारजन डीजे ने इस बार कांवड़ यात्रा में धूम मचा रखी है। वहीं लोग मोबाइल से इस दृश्य की वीडियो बनाते भी नजर आए।