भाजपा कार्यकर्ता संजू पर भीड़ ने पहले बरसाए पत्थर और शव को जला दिया था।

झारखंड के सिमडेगा जिले में एक भाजपा कार्यकर्ता को पत्थर से मारकर हत्या करने व शव जलाने के मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। भाजपा कार्यकर्ता ने कथित तौर पर अवैध रूप से पेड़ काटे थे, जो कि स्थानीय आदिवासी परंपराओं के खिलाफ है। 

भाजपा कार्यकर्ता 32 वर्षीय संजू प्रधान को 4 जनवरी को उसके घर से 100 मीटर की दूरी पर भीड़ ने पहले पत्थर बरसाए और बाद में उसके शव को जला दिया था। घटना कोलेबिरा थाना क्षेत्र के बेसराजारा बाजार में हुई थी। मामले के मुख्य आरोपी ग्राम प्रधान सुबुन बड को रविवार को बड़े पैमाने पर तलाशी के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में गिरफ्तारियों की कुल संख्या बढ़कर आठ हो गई है। प्राथमिकी में नामजद पांच अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

मृतक के परिवार का आरोप है कि प्रधान की हत्या से पहले ग्राम प्रधान ने एक बैठक बुलाई थी। इसी दौरान प्रधान को अपने घर से बाहर बुलाया और पीटना शुरू कर दिया। पुलिस अधीक्षक शम्स तबरेज के अनुसार मृतक के परिवार को सुरक्षा प्रदान करने व फरार आरोपियों की तलाश के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। 13 लोगों के खिलाफ नामजद व 25 अज्ञात लोगों पर हत्या, घातक हथियारों से दंगा करने और अवैध रूप से जमा होने का मामला दर्ज किया गया है। 

भाजपा ने किया था प्रदर्शन
भाजपा ने अपने कार्यकर्ता की हत्या के विरोध में पूरे जिले में प्रदर्शन किया था। भोक्ता समुदाय के सदस्यों ने घटना के खिलाफ कोलेबिरा में सड़कों को अवरुद्ध कर दिया था। मृतक की पत्नी ने आरोप लगाया कि मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने प्रधान को बचाने के लिए कुछ नहीं किया, जबकि घटना में शामिल 1,000 लोगों की भीड़ ने उन्हें मौके पर पहुंचने से रोक दिया। पुलिस ने बड़ी मुश्किल से जला शव बरामद कर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here