रायबरेली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी बुधवार को अपने दो दिवसीय दौरे पर रायबरेली पहुंचे, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें जगह-जगह स्वागत किया। वहीं, प्रदेश सरकार के उद्यान राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ हरचंदपुर के प्राथमिक विद्यालय के पास पोस्टर और बैनर लगाकर राहुल गांधी के खिलाफ 'वापस जाओ' के नारे लगाए। इस घटना ने राजनीतिक माहौल में गर्माहट पैदा कर दी।
भाजपा कार्यकर्ता और उद्यान मंत्री हाईवे पर खड़े होकर प्रदर्शन कर रहे थे। पुलिसकर्मी उन्हें हटाने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हल्की धक्कामुक्की भी हुई। यह पहली बार है जब उद्यान मंत्री ने सार्वजनिक रूप से सांसद का विरोध किया है, जिससे 11 सितंबर को होने वाली दिशा की बैठक में राजनीतिक गहमागहमी बढ़ने की संभावना है।
इससे पहले, राहुल गांधी बुधवार सुबह लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचे, जहां उनका कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और नेता आराधना मिश्रा मोना सहित अन्य नेताओं ने स्वागत किया। एयरपोर्ट से उन्होंने सीधे रायबरेली के लिए प्रस्थान किया। जिले की सीमा पर स्थित चुरुवा मंदिर पर काफिला नहीं रुका और हरचंदपुर की ओर बढ़ गया।
राहुल गांधी 10:40 बजे बछरावां कस्बे के मुख्य चौराहे पर पहुंचे, जहां सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने बिहार में वोटर अधिकार यात्रा के दौरान दिए गए नारे 'वोट चोर गद्दी छोड़' का उद्घोष भी किया। एक मिनट से कम समय तक उन्होंने कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया और फिर रायबरेली मुख्यालय के लिए रवाना हो गए।
राहुल गांधी के दौरे के दौरान शहर में लगा एक पोस्टर भी चर्चा का विषय बन गया। होर्डिंग पर लिखा था, "इंडिया की अंतिम आस, कलयुग के ब्रह्मा, विष्णु, महेश।"