रामबाग पुल पर बृहस्पतिवार दोपहर को भीषण हादसा हुआ। तेज रफ्तार कार बस में जा घुसी। कार की चपेट में एक्टिवा सवार तीन लोग भी आ गए। हादसे में कार चालक, एक्टिवा सवार युवती और एक युवक की मौत हो गई। घायल हुए चौथे युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रामबाग पुल के ऊपर हुआ हादसा
घटना रामबाग पुल के ऊपर हुई। थाना एत्माद्दौला के प्रभारी निरीक्षक सत्यदेव शर्मा ने बताया कि एक कार दो एक्टिवा में टक्कर मारते हुए रोडवेज बस में जा घुसी। हादसे में एक युवती सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए एसएन मेडिकल भेजा गया। उपचार के दौरान युवती सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मृतकों के परिवार में मचा कोहराम
इस हादसे में घायल हुए कार चालक चंद्रभान माथुर पुत्र सम्मति राम निवासी राजभवन, हिंदी संस्थान नगर, थाना न्यू आगरा, एक्टिवा पर बैठी युवती सोनू यादव पुत्री शिवदयाल यादव निवासी खैरगढ़, शेखपुरा, फिरोजाबाद और तरुण कुमार यादव पुत्र सत्यवान यादव निवासी ग्राम किसराव, करहरा, फिरोजाबाद की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि हादसे में घायल ऋषभ कुमार पुत्र बनारसी लाल निवासी कोटली बगीची, देवरी रोड, थाना ताजगंज आगरा का उपचार साईं हॉस्पिटल कमला नगर में चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिवार वाले आ गए। होलिका दहन वाले दिन हुए इस हादसे को लेकर परिवारीजनों में कोहराम मच गया।
ये बताया प्रत्यक्षदर्शियों ने
प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां पर बस रुकती हैं। आज भी बस रुकी हुई थी। पीछे एक्टिवा चल रही थी। तभी कार ने टक्कर मारी। सभी लोग हादसे का शिकार हो गए। त्योहार पर मौतों से परिवारों में कोहराम मच गया।