बिजनौर। दारानगर गंज निवासी निखिल (19) और पड़ोस की 15 वर्षीय किशोरी का प्रेम प्रसंग एक दर्दनाक मोड़ पर पहुंच गया। दोनों के शव शनिवार शाम बिजनौर-चांदपुर मार्ग स्थित गांव लक्खीवाला के पास एक आम के बाग में पेड़ के नीचे पड़े मिले। पुलिस ने बताया कि दोनों के गले में एक ही रस्सी का फंदा था। आशंका जताई जा रही है कि दोनों ने साथ में फांसी लगाकर आत्महत्या की, जिसके बाद रस्सी टूट गई।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा मौके पर पहुंचे और जांच की। उन्होंने बताया कि शव कई दिन पुराने लग रहे हैं। किशोरी के शव का कुछ हिस्सा जंगली जानवरों द्वारा नोचने के भी संकेत मिले हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं पर कर रही है।

परिजनों के अनुसार, निखिल और किशोरी के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। 27 अक्टूबर को दोनों घर से लापता हो गए थे, जिसके बाद परिजनों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। रविवार को शवों की शिनाख्त के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम के बाद दोनों का अंतिम संस्कार किया जाएगा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों के घर आमने-सामने थे, लेकिन लड़की की नाबालिग उम्र के कारण विवाह संभव नहीं था। परिवारों के विरोध की आशंका में दोनों ने यह कदम उठाया।