नगर निगम की 12 सदस्यीय कार्यकारिणी में से छह सदस्य 1 जून को सेवानिवृत्त हो गए हैं, जिनकी जगह पर 17 अगस्त को चुनाव होगा। इसके लिए नगर निगम सदन में विशेष बैठक आयोजित की जाएगी। नगर आयुक्त गौरव कुमार ने चुनाव की आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है।

सेवानिवृत्त हुए छह सदस्यों में भाजपा के गिरीश गुप्ता, अनूप कमल सक्सेना, उमेश चंद्र सनवाल, मुकेश सिंह मोंटी, रंजीत सिंह तथा सपा के सुरेंद्र वाल्मीकि शामिल हैं। इनके स्थान पर नए सदस्यों के चयन के लिए चुनाव में निर्वाचित पार्षद, महापौर, विधायक, विधान परिषद सदस्य, सांसद और राज्यसभा सदस्य मतदान करेंगे।

वर्तमान में कार्यकारिणी में बचे हुए छह सदस्य हैं — भाजपा के अनुराग मिश्रा अन्नू, भृगुनाथ शुक्ला, चरनजीत गांधी, गौरी सांवरिया, कृष्ण नारायण सिंह और सपा की सबा अहसन मंसूरी।

चुनाव के कार्यक्रम के अनुसार, विशेष अधिवेशन सुबह 11 बजे शुरू होगा। 11 बजे से 11:30 बजे तक नामांकन, 11:30 से 12 बजे तक नाम वापसी, फिर 12 से 12:10 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच और उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की जाएगी। इसके बाद सदन की बैठक तीन बजे तक मतपत्र तैयार करने के लिए स्थगित रहेगी। तीन से पांच बजे तक मतदान होगा, जिसके बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।