मथुरा। गोविंद नगर थाना क्षेत्र के शाहगंज दरवाजा इलाके में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। सिद्ध बाबा मंदिर के पास स्थित पुराने टीले के खिसकने से तीन मकान पूरी तरह ढह गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, मंदिर के पास वर्षों पुराना टीला अचानक खिसकने लगा और कुछ ही पलों में वहां बने तीन मकान मलबे में तब्दील हो गए। इन मकानों में रह रहे लोग और पास में दीवार निर्माण में लगे मजदूर हादसे की चपेट में आ गए। अनुमान है कि करीब एक दर्जन लोग मलबे में दबे हो सकते हैं।

राहत कार्य जारी, एक घायल अस्पताल में भर्ती
मौके पर जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से राहत कार्य शुरू किया गया। अब तक एक युवक को मलबे से सुरक्षित निकाला गया है, जिसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल भेजा गया है। अधिकारियों के अनुसार राहत कार्य तेज़ी से चल रहा है और अन्य दबे लोगों की तलाश की जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शी लेखपाल ने बताया आंखों देखा हाल
घटनास्थल के पास रहने वाले लेखपाल संजय रोहिला ने बताया कि वह अपनी बाइक से गैराज पहुंचे थे। उनके साथ उनकी पत्नी और बेटा भी थे। तभी अचानक टीला भरभराकर गिरने लगा। वह तत्काल परिवार के साथ सुरक्षित स्थान की ओर भागे। संजय के मुताबिक, उन्होंने दो बच्चों को मलबे के साथ गिरते देखा, वहीं कुछ मजदूर भी दबते नज़र आए।

लेखपाल को भी आई चोटें
भागते समय संजय रोहिला खुद भी मलबे की चपेट में आए और उन्हें हल्की चोटें लगी हैं। उन्होंने बताया कि हादसे के वक्त मौके पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, जिनमें कई मजदूर और स्थानीय निवासी शामिल थे।