किसानों के विभिन्न मुद्दों पर संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर ग्रामीण भारत बंद का मुजफ्फरनगर में असर दिखा। देहात क्षेत्र में किसान कम संख्या में खेतों पर गए। सुबह मंडी भी बंद रही। ट्रांसपोर्ट से गाड़ियों में माल नहीं लादा गया।
भाकियू कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन शुरू कर दिया है। भोपा क्षेत्र में नहर पुल पर सुबह ही कार्यकर्ता एकत्र होने शुरू हो गए थे। इसके अलावा खतौली, मंसूरपुर, जानसठ समेत अन्य क्षेत्र में बनाए गए प्वाइंट पर किसान धरना प्रदर्शन कर रहे हैं।
भाकियू जिलाध्यक्ष योगेश शर्मा ने बताया कि ग्रामीण भारत बंद में किसानों का सहयोग मिल रहा है। किसान सरकार के विरोध में काम बंद कर घरों पर ही रहे। यहां धरना प्रदर्शन करेगी भाकियू
- ब्लॉक खतौली में नावला कोठी
- ब्लॉक जानसठ में खतौली तिराहा
- मोरना ब्लॉक में भोपा पुल
- चरथावल ब्लॉक में नहर पर
- पुरकाजी ब्लॉक में फलौदा कट
- शाहपुर में ब्लॉक मुख्यालय पर
- बुढ़ाना में बायवाला चौकी व फुगाना
- सदर ब्लॉक में बागोवाली चौराहा
- बघरा ब्लॉक में जागाहेड़ी टोल परकिसानों ने उठाए यह मुद्दे
बंद के लिए संयुक्त किसान मोर्चा ने केंद्रीय मंत्री अजय मिश्र टेनी को बर्खास्त करने, लखीमपुर खीरी के साजिशकर्ता को गिरफ्तार करने, 736 किसान परिवारों के लिए सिंधू बॉर्डर पर स्मारक बनाने, किसान परिवानों को मुआवजा व पुनर्वास की मांग रखी गई है।
इनका भी समर्थन
औद्योगिक क्षेत्रीय हड़ताल में संयुक्त किसान मोर्चा, केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और स्वतंत्र क्षेत्रीय महासंघ के अलावा किसान-मजदूरों से समर्थन मांगा गया है। दावा किया गया है हड़ताल में ट्रांसपोर्टर भी संयुक्त किसान मोर्चा के साथ रहेंगे।

भाकियू कार्यकर्ताओं ने शामली में रोड जाम कर धरना किया शुरू
किसानों के विभिन्न मुद्दों पर संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर भाकियू कार्यकताओं ने शामली में तहसील के सामने और झिंझाना में गाड़ी वाले चौराहे पर धरना शुरू दिया। सरकार के खिलाफ भी खूब नारेबाजी की गई। भाकियू जिलाध्यक्ष कालिंद्र मलिक, कपिल खाटियान और अन्य ने एमएसपी पर गारंटी कानून, बकाया गन्ना भुगतान नहीं होने पर आक्रोश जताया। साथ ही दिल्ली कूच कर रहे किसानों के साथ कोई भी ज्यादती नहीं होने की मांग की।
कहा कि यदि किसानों का उत्पीड़न किया गया तो वे भी दिल्ली में डेरा डालेंगे। किसान दोपहर दो बजे तक भी तक धरना देंगे। धरना देने वालों को श्याम सिंह, सत्यपाल, विदेश मलिक, सुनील कुमार, राजवीर आदि शामिल रहे।
वहीं, मेरठ-करनाल हाईवे के गाड़ीवाला चौराहे पर भाकियू पश्चिम उत्तर प्रदेश के महासचिव कपिल खाटियान के नेतृत्व में शांतिपूर्वक धरना दिया जा रहा है। भाकियू के निर्देशानुसार धरना प्रदर्शन गाड़ी वाला चौक पर तीन घंटे तक चलेगा। जिसमें पुल के नीचे बैठे किसानों ने अपनी आवाज बुलंद की। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस तैनात रहा।

किसानों के समर्थन में पांची में किसानों ने किया धरना-प्रदर्शन
भारतीय किसान यूनियन के भारत बंद के एलान के बाद बागपत में पांची चौराहे पर किसानों ने धरना-प्रदर्शन किया और किसानों को समर्थन देने का एलान किया। पुलिस ने समझा बुझाकर किसानों को शांत किया।
विभिन्न मागों को लेकर पंजाब के किसान दिल्ली धरना देने पहुंच रहे हैं। किसानों का कहना है कि केंद्र सरकार ने जो वादे किसानों से किए थे उन्हें पूरा नहीं किया है। जिसको लेकर किसानों ने भारत बंद का एलान किया था। वहीं, शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन के पिलाना ब्लॉक अध्यक्ष नीरज ढाका और भारतीय किसान यूनियन इंडिया के जिला अध्यक्ष मुकेश प्रधान के नेतृत्व में किसानों का एक जत्था पांची चौराहे पर पहुंचा और वहां चक्का जाम कर प्रदर्शन किया। किसान नीरज ढाका ने कहा कि किसानों के साथ अत्याचार किया जा रहा। किसानों पर लाठीचार्ज तक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार किसानों की बात नहीं मान रही है, जिसके विरोध में किसान एकजुट होकर अपने हितों की रक्षा खुद करेगा। प्रदर्शन करते समय चांदीनगर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर किसानों को शांत कर वहां से लौटाया।