मुज़फ्फरनगर में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के दस वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में पुलिस मॉडर्न स्कूल की छात्राओं ने महिला थाना का दौरा किया और वहां की कार्यप्रणाली को करीब से समझा। इस दौरान उन्हें कानून और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े अहम पहलुओं की जानकारी दी गई।
यह विजिट डीएम उमेश मिश्रा, एसएसपी अभिषेक सिंह और सीडीओ संदीप कुमार के निर्देशन में आयोजित की गई। कार्यक्रम का संयोजन जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार एवं बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉ. राजीव कुमार ने किया।
महिला थाना प्रभारी संगीता चौधरी ने छात्राओं से संवाद किया और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। थाने में पहुंचने पर छात्राओं का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया और उन्हें उपहार भेंट किए गए। इस दौरान छात्राओं ने पुलिस अधिकारी बनने और कानून व्यवस्था से जुड़े सवाल पूछे, जिनका थानाध्यक्ष ने विस्तार से उत्तर दिया।
कार्यक्रम के तहत 22 जनवरी 2025 से 8 मार्च 2025 तक विभिन्न जनजागरूकता अभियानों का आयोजन किया जा रहा है। महिला थाना दौरे के दौरान प्रधानाचार्य सुधा शर्मा के नेतृत्व में छात्राओं मारिया, सानिया, सोनाक्षी, नव्या, आयशा, अयाना, साज़िया, तन्वी, जिज्ञासा और अदीबा ने भाग लिया। बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉ. राजीव कुमार ने छात्राओं को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के दस साल पूरे होने के महत्व के बारे में बताया और जागरूकता बढ़ाने की अपील की।
प्रधानाचार्य सुधा शर्मा ने इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम बेटियों को सशक्त बनाने और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने में मदद करते हैं।