मुजफ्फरनगर में शनिवार को झमाझम बारिश से लोगों को राहत महसूस हुई। उमस भरे मौसम में बारिश ने ठंडक पैदा कर दी। लोग बारिश में भीगते हुए ही अपने कामों के लिए निकले। बारिश के चलते अचानक से मौसम का मिजाज बदल गया और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई।
मुजफ्फरनगर में शनिवार सुबह से आसमान में बादल छाए रहे। दोपहर में बारिश होने से तापमान में कमी आई। शुक्रवार के मुकाबले शनिवार की सुबह का तापमान 2 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया। अचानक बारिश शुरू होने से विद्युत आपूर्ति बाधित हुई। कई आवासीय कॉलोनी और मोहल्ले की बिजली चली गई।
शहर में जानसठ रोड, भोपा रोड बिजलीघर में खराबी आने से संबंधित कालोनियों की बिजली आपूर्ति बाधित हुई है। गांधीनगर, पटेलनगर, बसंत विहार, तुलसीनगर, अर्जुननगर, सुरेंद्रनगर, अवध विहार आदि कॉलोनी में विद्युत आपूर्ति बाधित रही। जिससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
धान-गन्ने की फसल के लिए लाभकारी
मौजूदा बारिश धन और गन्ने की फसलों के लिए गुणकारी बताई जा रही है। जिला कृषि अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि बरसात धान और गन्ने की फसल के लिए लाभकारी है। साथ ही हल्की वर्षा से सब्जी की फसल को भी लाभ पहुंचेगा। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में मध्यम बरसात की संभावना जताई है। किसानों से फिलहाल किसी भी फसल को सिंचाई न करने की सलाह दी गई है।