मुजफ्फरनगर। गांव कुरालसी में शुक्रवार रात हुई हर्ष फायरिंग में घुड़चढ़ी में शामिल युवक गोली लगने से घायल हो गया। जिसे मेरठ के हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। गांव कुरालसी निवासी आकाश पुत्र मास्टर रतिराम की रात्रि के समय घुड़चढ़ी हो रही थी। रात्रि करीब साढ़े दस बजे गांव के ही युवक द्वारा अवैध तमंचे से हर्ष फायरिंग की गई। तमंचे से चली गोली के छर्रे घुड़चढ़ी में शामिल 28 वर्षीय राहुल पुत्र छिदा सिंह के हाथ में लग गए। जिससे राहुल गम्भीर रूप से घायल हो गया। राहुल को गोली लगने से रंग में भंग पड़ गया। आनन फानन में घायल राहुल को बुढ़ाना के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उसे मेरठ रेफर किया गया।