मंडल मुख्यालयों का दौरा पूरा कर सीएम योगी का रुख अब जनपदों की ओर, बलिया का करेंगे दौरा, काशी भी हो सकता है आगमन

मंडल मुख्यालयों का दौरा पूरा कर चुके मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अब जनपदों की ओर रुख किया है। सीएम के बुधवार को बलिया जिले में आगमन का संदेश मिलते ही प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा है। आनन-फानन में सीएम के आगमन से संबंधित तैयारियों को शुरू कर दिया गया। सीएम दौरे के दौरान कोविड-19 से राहत और बचाव के उपायों के साथ ही विकास कार्यक्रमों की समीक्षा, किसी अस्पताल का निरीक्षण भी करेंगे। इसके मद्देनजर जिलाधिकारी अदिति सिंह ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मंगलवार सुबह जिला अस्पताल और जिला महिला अस्पताल का निरीक्षण करने के साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कोविड-19 से बचाव और राहत के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा के साथ ही जनपद में लगाए जा रहे ऑक्सीजन प्लांट में किसी एक का निरीक्षण भी कर सकते हैं। किसी गांव में निगरानी समिति के साथ वार्ता करने के साथ ही जिला अस्पताल या महिला अस्पताल का निरीक्षण भी कर सकते हैं। सिटी मजिस्ट्रेट नागेंद्र सिंह ने बताया कि अभी सीएम के कार्यक्रम की मौखिक सूचना मिली है। मिनट टू मिनट कार्यक्रम का इंतजार किया जा रहा है।

सीएम के दौरे के मद्देनजर जिलाधिकारी अदिति सिंह ने मंगलवार सुबह अधिकारियों के साथ जिला और महिला अस्पताल का निरीक्षण किया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आवश्यक तैयारियों के निर्देश दिए। साफ सफाई पर विशेष ध्यान देने के साथ ही अन्य कार्यों के लिए अलर्ट किया। कहा कि मरीजों के इलाज में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री इससे पहले आजमगढ़ मंडल मुख्यालय का दौरा कर चुके हैं। अब उनका कार्यक्रम बलिया के लिए मिला है।
वाराणसी का भी कर सकते हैं दौरा
विकास कार्यों की समीक्षा और भौतिक आकलन के लिए गुरुवार को दो दिवसीय प्रवास पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वाराणसी आ सकते हैं। मुख्यमंत्री वाराणसी में गोद लिए पीएचसी का भी निरीक्षण कर सकते हैं। पहले मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से बुधवार को मुख्यमंत्री के आगमन की सूचना दी गई थी। मगर देर शाम गुरुवार को आगमन की सूचना अपडेट की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here