आगरा: आइस फैक्ट्री में अमोनिया गैस रिसाव से मचा हड़कम्प

आगरा। एत्माद्दौला के रामबाग-नुनिहाई रोड पर बर्फ की फैक्ट्री में अमोनिया गैस का रिसाव हो गया। संचालक और कर्मचारी मौके से फरार हो गए। गैस के कारण पास रहने वाले एक दर्जन से अधिक लोगों की हालत बिगड़ गई।

कई बच्चे बेहोश हो गए और लोगों को उल्टी और सांस लेने में परेशानी होने लगी। दो बच्चों को इलाज के लिए निजी अस्पताल भेजा गया। 

प्रखर गर्ग की है आइस फैक्ट्री

नुनिहाई रोड पर कमलानगर के रहने वाले प्रखर गर्ग की गर्ग आइस फैक्ट्री संचालित है। फैक्ट्री के आसपास काफी आबादी रहती है। प्रत्यक्षदर्शी राकेश कुमार ने बताया कि शाम छह बजे के लगभग फैक्ट्री से गैस का रिसाव होने लगा। लोगों ने संचालक प्रखर गर्ग से शिकायत की पर वो कार में बैठ कर वहां से चला गया। गैस रिसाव होने पर फैक्ट्री के कर्मचारी भी वहां से फरार हो गए। कुछ ही देर में गैस रिसाव काफी तेजी से होने लगा।

गैस से घुटने लगा दम

फैक्ट्री के पीछे रहने वाली श्रद्धा ने बताया कि गैस से दम घुटने पर वो भाग कर आगे एक जानकर बाबी सोलंकी के घर में बच्चों को लेकर चली गई। वहां बाबी और उनके बच्चे गैस की चपेट में आकर उल्टियां करने लगे। पास ही रहने वाले अशोक शर्मा उनकी पत्नी उमा,बेटे विवेक, बहु शिवानी, आठ साल का पोता ईशु,तीन साल का बिट्टू गैस के कारण बेहोश होने लगे।

तबियत बिगड़ने पर शिवाय सिंघल के छह साल के बेटे सूर्यांश और तीन साल की आव्या को अस्पताल ले जाना पड़ा। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। गैस के कारण दम घुटने से परेशान होकर आसपास के लोग सड़क पर आ गए। जाम लगाकर कार्रवाई की मांग करने लगे।

मौके पर दमकल की तीन गाड़ियां पहुंची। जानकारी हुई कि फैक्ट्री का टेक्नीशियन गैस का वाल्व खुला छोड़ गया है। दमकल कर्मियों ने मास्क पहन कर अंदर प्रवेश किया। सभी वाल्व बंद किए तब जाकर गैस का रिसाव बंद हुआ।

ढाई घंटे परेशान रहे लोग

प्रत्यक्षदर्शी सोनू ने बताया कि पुलिस सूचना पर मौके पर आ गई थी। किसी को रिसाव। रोकने के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। दमकल की गाड़ियां आने के बाद वो अपने उपकरणों के साथ अंदर गए। छह बजे से साढ़े आठ बजे तक लोगों की जान जोखिम में रही।

दो साल से परेशान हैं क्षेत्र वासी

क्षेत्रवासियों का कहना है कि पहले यहां नकली घी की फैक्ट्री पकड़ी गई थी। इसके बाद यहां बर्फ की फैक्ट्री संचालित होने लगी। आए दिन यहां गैस रिसाव होने के कारण लोग परेशान होते रहते हैं। कई बुजुर्ग बीमार हो चुके हैं। कई बार शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।

संचालक के खिलाफ होगी कार्रवाई

प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश कुमार मिश्र ने बताया कि घटना के बाद संचालक और कर्मचारी मौके से फरार हो गए। फैक्ट्री को सील किया गया है। अनुमतियों के बारे में जानकारी की जा रही है। विधिक कार्रवाई की जाएगी। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here