आजमगढ़ में अखिलेश बोले – इस बार हमारी सरकार बनेगी

सत्ता में वापस के लिए अखिलेश यादव आए दिन भाजपा पर हमलावर हो रहे हैं। 2022 में सपा सरकार बनाने के लिए अखिलेश यादव पूरी ताकत से जुटे हैं। साथ ही उन्होंने सपा कार्यकर्ताओं को भी चुनाव की तैयारी में जुटने की अपील की है। आजमगढ़ में मेधावी छात्रों को लैपटॉप वितरण के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि 2022 में सपा सरकार कैसे बनेगी? इसका फार्मूला मिल गया है। अखिलेश यादव ने कहा कि उनका गठबंधन आगामी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का सफाया कर सरकार बनाएगा। आजमगढ़ में अपने दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन अखिलेश लैपटॉप वितरण समारोह के दौरान चुनावी मूड में दिखे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जनता बदलाव चाहती है। भाजपा के संकल्प पत्र झूठे साबित हुए हैं। साढ़े चार साल से अधिक समय बीत गया लेकिन सरकार अपने सभी वादों को पूरा नहीं कर पाई। किसान परेशान है नौजवान बेरोजगार है, महंगाई चरम पर है। ऐसे में उनका गठबंधन बहुत कामयाब होगा और प्रदेश में भाजपा सरकार का सफाया कर देगा।

उन्होंने पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि बसपा से हुआ गठबंधन जरूरी था, वह भी एक प्रयोग था लेकिन इस बार का गठबंधन कामयाब गठबंधन होगा और पूर्वांचल में से लेकर पश्चिमांचल तक भाजपा का दरवाजा बंद करेगा। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेस वे समाजवादी सरकार की योजना है लेकिन जिस तरह समाजवादी सरकार चाहती थी, उस तरह का पूर्वांचल एक्सप्रेस नहीं बना। डिवाइडर छोटा करके बजट कम दिखाया गया। जनता के बीच सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए ऐसा किया गया लेकिन जब 2022 में समाजवादी सरकार बनेगी तो युवा मेधावी छात्र-छात्राओं को लैपटॉप भी दिया जाएगा और इस पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को भी ठीक किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने नौजवान और मेधावी छात्रों को लैपटॉप देने का वादा किया था लेकिन साढ़े चार वर्ष बीत गए, लैपटॉप की योजना धरी की धरी रह गई। अब वह टैबलेट बांटने जा रहे हैं लेकिन साढ़े चार साल में जो टैबलेट इन मेधावी छात्रों ने खाया है अब उससे बात बनने वाली नहीं है। अब लोगों ने तय किया है कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार को हटाना जरूरी है। जनता परेशान है, महंगाई इस कदर दिन दूना रात चौगुना बढ़ रही है कि सभी वर्ग परेशान हैं। अखिलेश ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तंज कसते हुये कहा जो बाबा मुख्यमंत्री हैं उन्हें लैपटॉप चलाना नहीं आता इसलिए उन्हें लैपटॉप का महत्व नहीं पता है। लैपटॉप आज के समय की जरूरत है पूरी दुनिया की जानकारी हासिल करने के लिए मेधावी छात्रों को लैपटॉप चाहिए।

मेधावी लड़कियां अंशिका सीखा अमिता सुनीता सहित जिन 134 छात्र-छात्राओं को लैपटॉप मिला। उन्होंने अखिलेश यादव को धन्यवाद दिया और कहा जो बिना सरकार में रहे आज छात्र-छात्राओं के बारे में इतना सोच रहा है उसका 2022 में आना जरूरी है। अखिलेश ने आज आजमगढ़ फैजाबाद मार्ग पर शहर के करीब अनवरगंज के दुर्गा जी इंटर कॉलेज में कुल 134 मेधावी छात्र-छात्राओं को लैपटॉप देकर सम्मानित किया। इस समारोह में सदर विधायक व पूर्व मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव बलराम यादव विधायक संग्राम यादव आलम बदी आजमी कल्पनाथ पासवान मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here