जीटीबी अस्पताल से 173 नर्सिंग अधिकारियों का बुराड़ी अस्पताल तबादला

नई दिल्ली। जीटीबी अस्पताल से 173 नियमित नर्सिंग अधिकारियों का तबादला बुराड़ी अस्पताल में कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग के आदेश के अनुसार, यह कदम वेतन भुगतान के लिए उठाया गया है, लेकिन अधिकारियों को अगले आदेश तक जीटीबी अस्पताल में ही कार्यरत रहने की छूट दी गई है। उनकी फाइलें भी बुराड़ी अस्पताल भेजी जा रही हैं।
हालांकि, जीटीबी अस्पताल की नर्सेज एसोसिएशन ने इस आदेश का विरोध किया है। एसोसिएशन ने स्वास्थ्य विभाग को पत्र लिखकर तुरंत आदेश को वापस लेने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो वे बुधवार से शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन शुरू करेंगी, जिससे अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं में बाधा आ सकती है।
एसोसिएशन के अनुसार, जीटीबी अस्पताल में नर्सिंग अधिकारियों के 1,021 स्वीकृत पद हैं, जिनमें 399 रिक्त थे और हाल ही में भरे गए हैं। इसके अलावा, 207 नर्सिंग अधिकारी अनुबंध पर कार्यरत हैं, जिन्हें उपाध्यक्ष से मानदेय मिलता है।
3 अक्टूबर को जारी आदेश के तहत पुराने नियमित नर्सिंग अधिकारियों का बुराड़ी अस्पताल में तबादला किया गया। एसोसिएशन का कहना है कि प्रतिनियुक्ति के आधार पर ये अधिकारी जीटीबी अस्पताल में कार्यरत रहेंगे, लेकिन उनकी फाइलें वेतन भुगतान के लिए बुराड़ी भेजी जा रही हैं। 9 अक्टूबर को जीटीबी प्रशासन ने इन अधिकारियों को बुराड़ी अस्पताल में ज्वाइन करने का निर्देश भी दिया।
नर्सेज एसोसिएशन ने कहा कि यह तबादला न तो आवश्यक है और न ही व्यावहारिक। इससे न केवल नर्सिंग स्टाफ में असंतोष बढ़ा है, बल्कि जीटीबी अस्पताल की रोगी देखभाल व्यवस्था पर भी असर पड़ सकता है। अधिकारियों को हर प्रशासनिक कार्य के लिए 20 किलोमीटर दूर बुराड़ी जाना पड़ेगा, जिससे उनकी दिनचर्या और अस्पताल संचालन पर भी असर पड़ेगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.