एयर इंडिया ने घटाया फ्यूल सरचार्ज, अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर राहत

नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में हालिया गिरावट के बाद एयर इंडिया ने अपने अंतरराष्ट्रीय किरायों पर लगाए जाने वाले फ्यूल सरचार्ज में कटौती की घोषणा की है। यह बदलाव मुख्य रूप से उत्तरी अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, यूरोप और ब्रिटेन जाने वाली उड़ानों पर लागू किया गया है।
एयरलाइन ने यह फ्यूल सरचार्ज पहली बार 7 अप्रैल को बढ़ती तेल कीमतों और पश्चिम एशिया में तनाव के चलते लागू किया था, जिससे जेट फ्यूल महंगा हो गया था और संचालन लागत में बढ़ोतरी दर्ज की गई थी। उस समय एयरस्पेस प्रतिबंधों और अतिरिक्त खर्चों के कारण एयरलाइन पर वित्तीय दबाव बढ़ गया था।
अब कीमतों में नरमी के चलते एयर इंडिया ने सरचार्ज को संशोधित कर दिया है। जानकारी के अनुसार, उत्तरी अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया की उड़ानों पर प्रति टिकट फ्यूल सरचार्ज 280 डॉलर से घटाकर 200 डॉलर कर दिया गया है। वहीं यूरोप और ब्रिटेन के लिए यह शुल्क 205 डॉलर से घटाकर 125 डॉलर कर दिया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, यह नई दरें 1 जुलाई से प्रभावी हो चुकी हैं। हालांकि एयर इंडिया ने इस बदलाव पर आधिकारिक रूप से कोई टिप्पणी नहीं की है। अन्य अंतरराष्ट्रीय रूट्स और घरेलू उड़ानों के फ्यूल सरचार्ज में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है।
गौरतलब है कि 10 अप्रैल से इन प्रमुख अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर फ्यूल सरचार्ज लागू किया गया था। उस समय एयर इंडिया समूह ने चुनिंदा रूट्स को छोड़कर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर 24 से 280 अमेरिकी डॉलर और घरेलू उड़ानों पर 299 से 899 रुपये तक का अतिरिक्त शुल्क लगाया था।
यह कदम उस समय घरेलू एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में बढ़ोतरी और सरकार द्वारा मूल्य वृद्धि को 25 प्रतिशत तक सीमित करने के फैसले के बाद उठाया गया था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.