टिहरी में आंधी-तूफान में फंसे 30 लोग, SDRF ने सुरक्षित निकाला

टिहरी गढ़वाल में डोबरा-चांटी के पास झील क्षेत्र में तेज आंधी-तूफान के कारण बड़ा हादसा होने से टल गया। आपदा कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि तेज हवाओं की वजह से झील में बने फ्लोटिंग हटमेंट क्षतिग्रस्त हो गए हैं और कई लोगों के फंसने की आशंका है।
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की कोटी कॉलोनी पोस्ट से उपनिरीक्षक नरेंद्र राणा के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम जरूरी उपकरणों के साथ तुरंत मौके पर पहुंची। टीम ने पाया कि तेज आंधी के कारण फ्लोटिंग हटमेंट टूटकर बह गए थे।
बिना समय गंवाए एसडीआरएफ ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया और करीब 25 से 30 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सभी लोगों को पर्यटन विभाग की नावों की मदद से सुरक्षित रूप से कोटी कॉलोनी पहुंचाया गया।
इधर, मौसम विभाग ने चार और पांच मई के लिए देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और ऊधम सिंह नगर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसे देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने बताया कि सभी जिलों को अलर्ट मोड पर रखा गया है और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रैकिंग गतिविधियों पर नियंत्रण रखने और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
साथ ही राहत-बचाव दलों को पूरी तरह तैयार रहने को कहा गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई और बीआरओ जैसी एजेंसियों को मार्ग बाधित होने पर तुरंत बहाली के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा स्कूलों में छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.