प्रेमानंद महाराज की सलामती के लिए कलियर में चढ़ी चादर, हिंदू-मुस्लिम दोनों समुदायों ने की दुआ

कलियर। वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज के अस्वस्थ होने की खबर के बाद देशभर में उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए दुआओं और प्रार्थनाओं का दौर जारी है। जहां हिंदू समुदाय मंदिरों में विशेष पूजन और आरती के जरिए उनके स्वास्थ्य की कामना कर रहा है, वहीं मुस्लिम समुदाय ने भी सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल पेश करते हुए कलियर शरीफ की दरगाह पर चादर चढ़ाकर दुआएं मांगीं।
रविवार को दरगाह साबिर पाक पर बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग पहुंचे और संत प्रेमानंद महाराज की दीर्घायु और शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। इस दौरान लोगों ने उनके चित्र हाथों में लेकर दरगाह में हाजिरी दी और सलामती की दुआ की।
भक्तों का कहना है कि प्रेमानंद महाराज जैसे संत समाज को जोड़ने और मानवता का संदेश देने का कार्य करते हैं। सिंगर राजा तुर्क, शफीक साबरी और इस्तेखार साबरी सहित कई लोगों ने कहा कि संत प्रेमानंद महाराज ने हमेशा धर्म से ऊपर उठकर इंसानियत की बात की है। उन्होंने कहा कि जैसे ही उनके अस्वस्थ होने की खबर मिली, पूरे समाज में चिंता व्याप्त हो गई। सभी लोग उनके जल्द स्वस्थ होने के लिए लगातार प्रार्थना कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, संत प्रेमानंद महाराज के स्वास्थ्य में अब धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। भक्तों का विश्वास है कि दुआओं और प्रार्थनाओं की शक्ति से वे जल्द ही स्वस्थ होकर अपने अनुयायियों को आशीर्वाद देंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.