देहरादून में युवक के साथ हैवानियत, अगवा कर करंट लगाया और गुप्तांग में घुसाया पेचकस

HIGHLIGHTS
- देहरादून में एक युवक को कथित तौर पर अगवा कर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और करंट लगाने सहित गंभीर यातनाएं दी गईं।
- पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। पटेलनगर थाना क्षेत्र में एक युवक के साथ कथित तौर पर बेहद क्रूरता की गई। आरोप है कि पहले स्कूटी से टक्कर मारने के बाद दो युवकों ने उसे जबरन अगवा कर लिया और पूरी रात बंधक बनाकर अमानवीय यातनाएं दीं। गंभीर रूप से घायल पीड़ित का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
टक्कर के बाद शुरू हुआ विवाद
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, जाखन निवासी युवक 3 जुलाई की शाम लालपुल इलाके से पैदल गुजर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कूटी चला रहे अंकुर वाल्मीकि ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्कूटी सवार और उसका साथी भी सड़क पर गिर गए, जिसके बाद दोनों ने युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि दोनों ने उसे दांतों से भी काटा और जबरन अपने साथ ले गए।
सब्जी मंडी में ले जाकर दी यातनाएं
पीड़ित का आरोप है कि दोनों आरोपी उसे निरंजनपुर सब्जी मंडी स्थित दुकान नंबर 106 में ले गए। वहां उसे बंधक बनाकर गंभीर रूप से प्रताड़ित किया गया। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने उसे बिजली का करंट लगाया, गर्म लोहे की रॉड से शरीर को दागा और पेचकस से उसके गुप्तांग पर हमला किया। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई।
देर रात तक बनाया बंधक
शिकायत में बताया गया है कि आरोपियों ने युवक को देर रात करीब तीन बजे तक अपने कब्जे में रखा। किसी तरह मौका मिलने पर वह वहां से भागने में सफल रहा और अपने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसे तुरंत दून अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस ने दर्ज किया केस
पटेलनगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद गुसाईं ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर अंकुर वाल्मीकि और उसके साथी साहिल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.