केदारनाथ धाम में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, चार दिनों में एक लाख से अधिक यात्रियों ने किए दर्शन

रुद्रप्रयाग। बाबा केदार के दर्शन के लिए केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। पिछले चार दिनों में ही एक लाख से ज्यादा भक्त दर्शन कर चुके हैं, जबकि बीते एक सप्ताह से रोजाना करीब 25 हजार यात्री लगातार धाम पहुंच रहे हैं।
बुधवार को अकेले 32 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए। बढ़ती भीड़ के चलते मंदिर परिसर से लेकर हेलीपैड तक लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं, जिससे यात्रियों को दर्शन के लिए इंतजार करना पड़ रहा है।
भीड़ नियंत्रण के लिए प्रशासन द्वारा व्यवस्था में बदलाव करते हुए श्रद्धालुओं को अब सभा मंडप से ही स्वयंभू शिवलिंग के दर्शन कराए जा रहे हैं, ताकि भीड़ का दबाव कम किया जा सके और व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
यात्रा मार्ग पर भी श्रद्धालुओं का दबाव लगातार बढ़ रहा है। सोनप्रयाग में शटल सेवा के लिए लंबी कतारें लग रही हैं, जहां यात्रियों को अपनी बारी के लिए काफी समय तक इंतजार करना पड़ रहा है।
प्रशासन और पुलिस की टीमें लगातार भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों को व्यवस्थित ढंग से कतारों में लगाने में जुटी हुई हैं। सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और कर्मचारियों की तैनाती भी की गई है।
यात्रा मार्ग, पार्किंग स्थलों और प्रमुख पड़ावों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, साथ ही श्रद्धालुओं को समय-समय पर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जा रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक Niharika Tomar ने बताया कि बड़ी संख्या में श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंच रहे हैं। पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ यात्रा व्यवस्था को संभाल रही है और सभी को सुरक्षित एवं सुगम दर्शन कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि वे प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और भीड़ के बीच धैर्य बनाए रखें ताकि यात्रा सुचारु रूप से चलती रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.