इंदौर के मांगलिया तेल डिपो के पास भीषण आग, इलाके में मचा हड़कंप

इंदौर के मांगलिया स्थित तेल डिपो के सामने मंगलवार को अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सात्विक विहार के पास लगी आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दूर-दूर तक दिखाई देने लगीं और आसपास की दुकानों व घरों तक फैल गईं।
पेट्रोल-डीजल भंडारण से बढ़ी चिंता
मांगलिया डिपो क्षेत्र में बड़ी मात्रा में पेट्रोल और डीजल का भंडारण होने के कारण स्थिति बेहद संवेदनशील हो गई है। इसी वजह से प्रशासन और दमकल विभाग पूरी सतर्कता के साथ आग बुझाने के प्रयासों में जुटा है। करीब एक घंटे से अधिक समय से फायर ब्रिगेड की कई टीमें लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही हैं। सुरक्षा कारणों से डिपो के आसपास सभी मार्गों को बंद कर दिया गया है।
यातायात ठप, टैंकरों की आवाजाही रोकी गई
घटना के बाद मुख्य सड़क पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है। प्रशासन ने एहतियातन तेल से भरे सभी टैंकरों को डिपो के बाहर ही रोक दिया है। अंदर-बाहर जाने वाले वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।
आसपास का इलाका खाली कराया गया
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आसपास के रिहायशी इलाकों को खाली करा लिया है। स्थानीय निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया है ताकि किसी भी तरह की जनहानि से बचा जा सके। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.