काकादेव के हॉस्टल में छात्रा ने फंदा लगाकर की आत्महत्या

काकादेव थानाक्षेत्र के रानीगंज इलाके में रविवार शाम सपा विधायक अमिताभ बाजपेई के गर्ल्स हॉस्टल में एक रेडियोलॉजी की छात्रा ने अपने कमरे में फंदा लगाकर जीवन समाप्त कर लिया। काफी देर तक कमरे का दरवाजा न खुलने पर उसकी रूम पार्टनर ने मेस संचालक को सूचित किया। मौके पर पहुंची वार्डन ने पुलिस और फॉरेंसिक टीम को बुलाया, जिन्होंने जांच के बाद परिजनों को घटना की जानकारी दी।
फर्रुखाबाद के कमालगंज थाना अंतर्गत गांव रजीपुर निवासी अरधेंदु कुमार धर की बेटी पलक धर (18) एक साल पहले एवी गर्ल्स हॉस्टल में आई थी। वह सीएसजेएसयू में रेडियोलॉजिस्ट की पढ़ाई कर रही थी और प्रथम वर्ष की छात्रा थी। पांडु नगर चौकी इंचार्ज दीपक तिवारी ने बताया कि रूम पार्टनर अराध्या मिश्रा ने बताया कि रविवार शाम कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। कई बार कॉल और दरवाजा खटखटाने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर उन्होंने मेस संचालक को सूचित किया।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम के पहुंचने पर कमरे का दरवाजा तोड़ा गया। वहां पंखे से दुपट्टे के सहारे पलक धर का शव लटका हुआ था। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि छात्रा अवसाद और एंग्जायटी जैसी समस्याओं से जूझ रही थी। उसकी छोटी बहन दीप्ति बिठूर में पढ़ाई कर रही है। परिजनों को घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर कोहराम मच गया। काकादेव इंस्पेक्टर राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि परिजनों के आने के बाद ही पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.