2027 चुनाव जीतना है तो जनता के बीच रहकर करना होगा काम: लखनऊ में बोले नितिन नबीन

HIGHLIGHTS
- भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने लखनऊ में पदाधिकारियों को 2027 विधानसभा चुनाव के लिए अभी से बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने के निर्देश दिए।
- उन्होंने जमीनी काम, नियमित बैठकों, सोशल मीडिया के सकारात्मक उपयोग और सरकार की योजनाओं को हर घर तक पहुंचाने पर जोर दिया।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने शनिवार को अपने पहले दो दिवसीय उत्तर प्रदेश दौरे की शुरुआत लखनऊ से की। एयरपोर्ट पहुंचने के बाद वह सीधे भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में प्रदेश संगठन, जिला इकाइयों, क्षेत्रीय अध्यक्षों और विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों के साथ पहली परिचयात्मक बैठक हुई। इस दौरान उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को सक्रिय करने पर जोर देते हुए कहा कि केवल कागजी योजनाओं से नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर लगातार काम करके ही जीत सुनिश्चित की जा सकती है।
प्रभारी जिम्मेदारी निभाने में सक्षम नहीं तो पद छोड़ें
बैठक में नितिन नबीन ने जिला प्रभारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि यदि वे अपने प्रभार वाले जिलों में नियमित प्रवास या चुनावी तैयारियों की जिम्मेदारी प्रभावी ढंग से नहीं निभा सकते हैं तो समय रहते दायित्व छोड़ दें। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में चुनावी प्रबंधन प्रभावित नहीं होना चाहिए।
हर गांव और हर बूथ तक पहुंचने का लक्ष्य
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से 2027 के चुनाव से पहले प्रदेश के प्रत्येक गांव और बूथ तक पहुंचने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार ने विकास के कई काम किए हैं, जिससे चुनावी माहौल भाजपा के पक्ष में है। हालांकि उन्होंने चेताया कि अनुकूल परिस्थितियों को देखते हुए संगठन में किसी तरह की ढिलाई नहीं आनी चाहिए।
नियमित बैठकों और रिपोर्टिंग पर दिया जोर
नितिन नबीन ने संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर महीने पहले सप्ताह में मंडल, दूसरे सप्ताह में जिला और महीने में एक बार प्रदेश स्तर की बैठक अनिवार्य रूप से आयोजित की जाए। सभी बैठकों, प्रवास और अन्य गतिविधियों की रिपोर्ट प्रदेश महामंत्री (संगठन) को नियमित रूप से भेजने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने यह भी कहा कि 'मन की बात' कार्यक्रम से पहले शक्ति केंद्रों की बैठक और कार्यक्रम के बाद बूथ स्तर की बैठक अवश्य होनी चाहिए। साथ ही प्रदेश के सभी बूथों पर 'मन की बात' का प्रसारण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग करने की सलाह
भाजपा अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से सोशल मीडिया का जिम्मेदारी के साथ उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि केवल व्यक्तिगत तस्वीरें साझा करने के बजाय केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं से जुड़ी जानकारी और वीडियो नियमित रूप से साझा किए जाएं, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ और संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे।
पार्टी के खिलाफ टिप्पणी पर दी चेतावनी
नितिन नबीन ने स्पष्ट किया कि कोई भी पदाधिकारी या कार्यकर्ता सोशल मीडिया पर पार्टी, उसके नेताओं या सहयोगी दलों से जुड़े नेताओं के खिलाफ नकारात्मक टिप्पणी न करे। यदि किसी को शिकायत या सुझाव हो तो उसे संबंधित नेता या पदाधिकारी से सीधे साझा किया जाए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक मंच पर अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आवश्यक होने पर कार्रवाई भी होगी।
विपक्ष के आरोपों का मजबूती से जवाब देने के निर्देश
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने विकास के क्षेत्र में कई उपलब्धियां हासिल की हैं, जबकि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के पास जनता के सामने रखने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं है। ऐसे में कार्यकर्ताओं को विपक्ष के आरोपों का तथ्यों के आधार पर सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से प्रभावी जवाब देना चाहिए।
सीएम योगी ने भी किया कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन
बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए पदाधिकारियों से जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। इससे पहले लखनऊ एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने नितिन नबीन का स्वागत किया। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष ने भी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और चुनावी तैयारियों को गति देने पर बल दिया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.