यूपी के 10 लाख शिक्षक-कर्मचारियों को बड़ी सौगात, एसबीआई से मिलेगा करोड़ों तक का बीमा कवर

HIGHLIGHTS
- यूपी के बेसिक शिक्षा विभाग के करीब 10 लाख स्थायी और संविदा कर्मचारियों को एसबीआई के साथ होने वाले एमओयू का लाभ मिलेगा।
- स्थायी कर्मचारियों को 10 लाख रुपये का लाइफ इंश्योरेंस और 1.60 करोड़ रुपये तक का एयर एक्सीडेंट बीमा कवर दिया जाएगा।
- संविदा कर्मचारियों को 30 लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा मिलेगा, जबकि कम वेतन वाले कर्मचारियों को 1 लाख रुपये तक का बीमा कवर मिलेगा।
उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा विभाग से जुड़े लाखों शिक्षकों और कर्मचारियों को जल्द ही सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा का बड़ा लाभ मिलने जा रहा है। विभाग भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता (एमओयू) करने जा रहा है, जिसके तहत स्थायी और संविदा दोनों तरह के कर्मचारियों को विशेष सैलरी पैकेज के साथ विभिन्न बीमा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
यह समझौता 8 जुलाई को वाराणसी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में आयोजित होने वाले शिक्षक कैशलेस चिकित्सा सुविधा एवं डीबीटी वितरण कार्यक्रम के दौरान किया जाएगा। इस पहल से बेसिक शिक्षा विभाग के करीब 10 लाख कर्मचारी लाभान्वित होंगे, जिनमें लगभग 4.5 लाख स्थायी और 5.5 लाख संविदा कार्मिक शामिल हैं।
स्थायी कर्मचारियों को मिलेगा व्यापक बीमा कवर
प्रस्तावित व्यवस्था के अनुसार, जिन स्थायी कर्मचारियों का मासिक वेतन 10 हजार रुपये या उससे अधिक है, उन्हें 10 लाख रुपये का ग्रुप टर्म लाइफ इंश्योरेंस प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा 1 करोड़ रुपये का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा, 1 करोड़ रुपये का स्थायी दिव्यांगता बीमा और 1.60 करोड़ रुपये तक का एयर एक्सीडेंट बीमा कवर भी मिलेगा।
इतना ही नहीं, किसी अप्रिय घटना की स्थिति में कर्मचारियों के बच्चों की शिक्षा और बेटियों के विवाह के लिए अतिरिक्त (एड-ऑन) वित्तीय सहायता का प्रावधान भी किया जाएगा, जिससे परिवार को आर्थिक संबल मिल सके।
संविदा कर्मचारियों को भी मिलेगी सुरक्षा
एमओयू के दायरे में आने वाले ऐसे संविदा कर्मचारी, जिनका मासिक वेतन 10 हजार रुपये या उससे अधिक है, उन्हें 30 लाख रुपये तक का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा मिलेगा। स्थायी दिव्यांगता होने पर 30 लाख रुपये और आंशिक दिव्यांगता की स्थिति में 15 लाख रुपये तक का बीमा लाभ दिया जाएगा। एयर एक्सीडेंट की स्थिति में भी 30 लाख रुपये का बीमा कवर उपलब्ध रहेगा।
इसके अलावा, यदि किसी कर्मचारी के साथ कोई दुर्घटना होती है तो उसके बच्चों की पढ़ाई और बेटियों के विवाह के लिए अतिरिक्त सहायता भी दी जाएगी।
कम वेतन पाने वालों के लिए भी विशेष सुविधा
जिन कर्मचारियों का मासिक शुद्ध वेतन 10 हजार रुपये से कम है, उन्हें एसबीआई के जीरो बैलेंस खाते और रुपे डेबिट कार्ड के माध्यम से 1 लाख रुपये तक का बीमा कवर उपलब्ध कराया जाएगा।
एसबीआई में वेतन खाता खुलवाने पर मिलेगा लाभ
एमओयू लागू होने के बाद जिन कर्मचारियों के वेतन खाते पहले से एसबीआई में हैं, उन्हें विशेष सैलरी पैकेज में शामिल कर दिया जाएगा। वहीं जिनका खाता किसी अन्य बैंक में है, उन्हें एसबीआई में वेतन खाता खुलवाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि वे इस योजना के तहत मिलने वाले सभी लाभ प्राप्त कर सकें।
जिलों में चलाया जाएगा जागरूकता अभियान
स्कूल शिक्षा महानिदेशक मोनिका रानी ने सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों (बीएसए) को निर्देश दिए हैं कि वे एसबीआई के स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय कर जिले स्तर पर इस पहल का व्यापक प्रचार-प्रसार करें। साथ ही शिक्षकों और कर्मचारियों को योजना की विशेषताओं और मिलने वाले लाभों की जानकारी दें।
मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के शुभारंभ कार्यक्रम का सभी जिलों में सीधा प्रसारण (लाइव) भी किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक कर्मचारी इस नई व्यवस्था से जुड़ सकें।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.