देहरादून में उर्मिला सनावर पर महिला ने लगाए गंभीर आरोप, केस दर्ज

देहरादून। सोशल मीडिया पर अपने बयानों और पोस्ट को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहने वाली उर्मिला सनावर एक बार फिर कानूनी विवादों में घिर गई हैं। इस बार उनके खिलाफ थाना नेहरू कॉलोनी में एक महिला की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई है।
मोथरोवाला चौक निवासी आरती गौड़ ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि सहारनपुर के गोविंद नगर की रहने वाली उर्मिला सनावर ने फेसबुक और इंस्टाग्राम पर लगातार उनके खिलाफ आपत्तिजनक और भड़काऊ पोस्ट साझा किए। शिकायत में यह भी कहा गया है कि इन पोस्ट्स के जरिए उनकी सामाजिक और राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई।
आरती गौड़ का आरोप है कि सोशल मीडिया पोस्ट के बाद स्थिति और गंभीर हो गई, जब उनका मोबाइल नंबर सार्वजनिक कर दिया गया। इसके बाद उन्हें लगातार अनजान लोगों के फोन आने लगे और धमकियां भी मिलने लगीं। इससे वह मानसिक रूप से परेशान हैं और असुरक्षा की भावना में जी रही हैं। उन्होंने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी मनोज नौटियाल के अनुसार, पुलिस सोशल मीडिया अकाउंट्स और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।
उर्मिला सनावर से जुड़े पहले के विवाद
उर्मिला सनावर इससे पहले भी कई विवादों को लेकर चर्चा में रह चुकी हैं। उन्होंने एक बार दावा किया था कि उनके पास अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े अहम ऑडियो साक्ष्य मौजूद हैं, जिन्हें उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा भी किया था। इन रिकॉर्डिंग्स को उन्होंने “ऑडियो बम” बताया था, जिसके बाद राजनीतिक हलकों में काफी विवाद खड़ा हुआ था।
इसके अलावा उनका नाम भाजपा से निष्कासित पूर्व विधायक सुरेश राठौर से जुड़े विवाद में भी सामने आया था। उर्मिला ने दावा किया था कि वह उनकी पत्नी हैं और दोनों ने काठमांडू में विवाह किया था। बाद में यह मामला बढ़ने पर पूर्व विधायक की बेटी ने उनके खिलाफ ब्लैकमेलिंग और फिरौती की शिकायत दर्ज कराई थी।
जनवरी 2026 की शुरुआत में उर्मिला सनावर ने एक वीडियो जारी कर खुद और अपने परिवार को जान का खतरा बताया था। इसके बाद वह कई दिनों तक लापता भी रहीं, जिसके चलते पुलिस ने उनके घर पर नोटिस तक चस्पा किया था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.