कटनी में बीजेपी नेता की हत्या, एनकाउंटर के बाद दो आरोपी गिरफ्तार

कटनी (मध्य प्रदेश)। जिले के कैमोर में मंगलवार को दिनदहाड़े हुए भाजपा नेता नीलेश उर्फ नीलू रजक हत्याकांड ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। बैंक के सामने दो बाइक सवार नकाबपोश युवकों ने नेता पर नजदीक से गोली चला दी, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई। गंभीर हालत में नीलेश रजक को विजयराघवगढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पूरे कैमोर बाजार में तनाव फैल गया और आक्रोशित लोगों ने बाजार बंद कर चक्काजाम कर दिया। प्रशासन ने हालात को काबू में करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया।
एनकाउंटर में घायल हुए दोनों आरोपी
पुलिस को इस हत्याकांड में देर रात बड़ी सफलता मिली। एसपी अभिनय विश्वकर्मा के अनुसार, हत्या के दोनों मुख्य आरोपी — अकरम खान और प्रिंस जोसफ — कैमोर के ही निवासी हैं। दोनों को पुलिस ने कजरवारा इलाके से घेराबंदी कर पकड़ा।
गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी गोलीबारी की। इस मुठभेड़ में दोनों आरोपी गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें तुरंत इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव
भाजपा नेता नीलेश रजक, जो बजरंग दल के पूर्व गौ सेवा प्रमुख भी रहे थे, की हत्या ने इलाके में भारी रोष पैदा किया। लोगों ने देर रात तक नारेबाजी करते हुए न्याय की मांग की। घटना के बाद आईजी, डीआईजी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने रातभर इलाके में सर्च अभियान चलाया, जिसके बाद दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.